Times Now Navbharat
live-tv
Premium

UAE की OPEC से 'बगावत' वैश्विक तेल बाजार में महायुद्ध का संकेत, क्या होगा भारत पर इसका असर?

UAE ने ऑयल प्रोड्यूसर और एक्सपोर्टर देशों के संगठन (OPEC) को छोड़ दिया है। यह संगठन ग्लोबल ऑयल प्राइस तय करता है। UAE इंडियन ऑयल बास्केट में अहम योगदान देता है। क्या भारत पर भी इसका असर हो सकता है।

Image
संयुक्त अरब अमीरात ने उठाया बड़ा कदम
Authored by: Yateendra Lawaniya
Updated Apr 29, 2026, 17:15 IST
Follow on Google News

OPEC से UAE का एग्जिट ग्लोबल ऑयल प्राइसिंग तय करने वाले संगठन OPEC के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है। भले ही UAE ग्लोबल ऑयल कारोबार में छोटा हिस्सा रखता है। लेकिन, UAE का OPEC से निकलना एक ऐसा चेन रिएक्शन शुरू कर सकता है, जिससे OPEC का ग्लोबल ऑयल प्राइसिंग पर कंट्रोल खत्म नहीं, तो काफी हद तक कमजोर हो सकता है। 1 मई, 2026 से प्रभावी होने वाला यह संयुक्त अरब अमीरात (UAE) का फैसला OPEC के अस्तित्व का संकट बन सकता है। यह ऐतिहासिक निर्णय न केवल वैश्विक अर्थव्यवस्था को हिलाएगा, बल्कि ऊर्जा सुरक्षा और द्विपक्षीय कूटनीति के लिहाज से भारत के लिए निर्णायक साबित होगा।

ओपेक से बाहर होने वाला पहला देश नहीं

UAE ओपेक से बाहर निकलने वाला पहला देश नहीं है। पिछले एक दशक में इंडोनेशिया, कतर और अंगोला जैसे देशों ने भी ओपेक को छोड़ा है। लेकिन, UAE का ओपेक से बाहर निकलना सामान्य घटनाक्रम नहीं है। क्योंकि, अबू धाबी ऑयल प्राइसिंग कंट्रोल का एक रणनीतिक पावरहाउस है, जिसके पास 2027 तक अपने दैनिक उत्पादन को 50 लाख बैरल तक ले जाने की ठोस वित्तीय और भौगोलिक क्षमता मौजूद है।

क्यों अहम UAE की OPEC से बगावत

पश्चिम एशिया में सऊदी अरब का दबदबा है। तेल की कीमतों पर भी OPEC के जरिये सऊदी अरब नियंत्रण बनाए रखता है। लेकिन, अमेरिका-ईरान युद्ध ने खाड़ी के देशों में पावर डायनेमिक्स को बदलकर रख दिया है। ऐसे में UAE सऊदी अरब की छाया से बाहर निकलने के लिए छटपटा रहा है।

UAE का फैसला असल में सऊदी अरब के OPEC के जरिये तेल की कीमतों को नियंत्रण में रखने और स्पेयर कैपेसिटी बनाए रखने के पारंपरिक रुख से सीधे टकराव दिखाता है। रियाद और अबू धाबी के बीच यह 'कोल्ड वार' असल में हाइड्रोकार्बन संपदा को ऊर्जा संक्रमण (Energy Transition) के चरम पर पहुंचने से पहले पूरी तरह भुनाने की होड़ है।

जुलाई 2021 के सार्वजनिक विवाद के बाद से उपजा यह तनाव अब एक ऐसी गहरी दरार बन चुका है, जो भविष्य में OPEC की प्रासंगिकता और उसकी बाजार नियंत्रण की शक्ति पर स्थायी प्रश्नचिन्ह लगाता है।

क्या है UAE की रणनीति?

इस टकराव के केंद्र में एडनॉक (ADNOC) के सीईओ सुल्तान अल जाबेर का वह विजन है, जो ओपेक के उत्पादन कोटा को अपनी आर्थिक प्रगति में बाधा मानता है। सऊदी अरब जहां रूस के साथ मिलकर अपनी राजकोषीय जरूरतों (Fiscal requirements) को पूरा करने के लिए तेल की कीमतों को $100 प्रति बैरल के पास रखने का इच्छुक है। वहीं, यूएई अधिक उत्पादन के जरिए बाजार हिस्सेदारी बढ़ाने की दीर्घकालिक रणनीति पर अडिग है।

हॉर्मुज स्ट्रेट की बंदी और ईरान के साथ जारी युद्ध ने ऊर्जा मंत्री सुहेल अल मजरोई और अमीराती नेतृत्व को एक रणनीतिक 'डिप्लोमैटिक कवर' दिया है। ताकि वे ओपेक के कठोर अनुशासन से मुक्त होकर अपनी उत्पादन क्षमता का स्वतंत्र विस्तार कर सकें। यह संघर्ष दुनिया को एक ऐसी स्थिति की ओर ले सकता है, जहां क्रूड की बढ़ती कीमतों को एकदम से बड़ा झटका लग सकता है और जल्द ही एक बड़ा प्रिडेटरी प्राइस वार और तेल की आपूर्ति की बाढ़ ला सकता है।

लॉन्ग टर्म में घट रही क्रूड की ग्लोबल खपत

लॉन्ग टर्म में क्रूड ऑयल की वैश्विक खपत की रफ्तार स्पष्ट रूप से धीमी पड़ रही है। अंतरराष्ट्रीय ऊर्जा एजेंसी (IEA) के अनुमान के मुताबिक 2023–24 में जहां वैश्विक तेल मांग करीब 102–103 मिलियन बैरल प्रतिदिन (mbpd) रही, वहीं 2030 तक इसका ग्रोथ घटकर सिर्फ 105–106 mbpd के आसपास सीमित रहने की संभावना है, यानी सालाना वृद्धि 1 mbpd से भी कम।

विकसित अर्थव्यवस्थाओं में मांग पहले ही पीक पर पहुंच चुकी है और 2030 तक OECD देशों की खपत में 4–5 mbpd की गिरावट का अनुमान है। दूसरी तरफ इलेक्ट्रिक व्हीकल्स की हिस्सेदारी तेजी से बढ़ रही है, जहां 2030 तक EVs रोजाना करीब 5 mbpd तेल की मांग को रिप्लेस कर सकते हैं। इसके अलावा एविएशन और पेट्रोकेमिकल सेक्टर को छोड़कर अधिकांश क्षेत्रों में डिमांड ग्रोथ फ्लैट होती दिख रही है।

Bloomberg और अन्य विश्लेषणों के अनुसार ऊंची कीमतों के दौर में “डिमांड डिस्ट्रक्शन” भी सामने आया है, जहां अमेरिका में $4 प्रति गैलन गैसोलीन पर खपत में करीब 5% की गिरावट देखी गई। कुल मिलाकर संकेत साफ हैं कि आने वाले दशक में तेल की मांग का ग्रोथ सीमित रहेगा, जो ग्लोबल प्राइसिंग और प्रोड्यूसर देशों की रणनीति पर सीधा दबाव बनाएगा।

UAE OPEC Info

UAE OPEC Info

भारत के लिए बड़ा अवसर

अपनी ऊर्जा जरूरतों का 80% आयात करने वाले भारत के लिए ओपेक में हुई यह बगावत 'रणनीतिक स्वायत्तता' (Strategic Autonomy) का एक असाधारण अवसर लेकर आया है। UAE से भारत का करीब दसवां हिस्सा तेल आयात होता है। ओपेक के कोटे से मुक्त होने के बाद अब भारत और UAE तेल पर अपने हिसाब से द्विपक्षीय समझौते कर पाएंगे।

ऊर्जा लागत में यह संभावित संरचनात्मक कटौती भारत के चालू खाता घाटे (CAD) और मुद्रास्फीति को नियंत्रित करने में एक गेम-चेंजर की भूमिका निभाएगी। रसोई गैस (LPG) और डीजल, जो भारतीय रसद और परिवहन की रीढ़ है, की आपूर्ति में स्थिरता आने से ग्रामीण और शहरी खपत को बड़ी राहत मिलेगी। यह वैश्विक बदलाव भारत को किसी कार्टेल की मनमर्जी पर निर्भर रहने के बजाय प्रतिस्पर्धी कीमतों और लचीली शर्तों पर अपनी ऊर्जा सुरक्षा सुनिश्चित करने का रणनीतिक मार्ग प्रशस्त करता है।

शेयर बाजार पर कैसा होगा इसका असर?

भारतीय शेयर बाजार पर इसका प्रभाव पड़ सकता है। हालांकि, तभी संभव है, जब UAE और भारत कोई लॉन्ग टर्म द्विपक्षीय समझौता करें। अगर ऐसा होता है, तो ऑयल मार्केटिंग कंपनियां, जैसे- इंडियन ऑयल (IOC), बीपीसीएल और एचपीसीएल को इसका फायदा मिल सकता है। वहीं, विमानन क्षेत्र में इंडिगो और स्पाइसजेट जैसी कंपनियों के लिए एटीएफ की कम लागत उनके ऑपरेशन को मजबूती देगी।

जबकि, एशियन पेंट्स जैसी पेंट कंपनियों और एमआरएफ जैसी टायर कंपनियों के लिए कच्चे माल की लागत में कमी आने से मुनाफे में बढ़ोत्तरी होगी। इसके विपरीत, ओएनजीसी और ऑयल इंडिया जैसी अपस्ट्रीम कंपनियों के लिए रेवेन्यू प्रेशर बढ़ सकता है। वहीं, रिलायंस इंडस्ट्रीज (RIL) जैसे रिफाइनर्स पर इसका प्रभाव संतुलित रहेगा, क्योंकि उनका मुनाफा कच्चे तेल की कीमत के बजाय वैश्विक 'क्रैक स्प्रेड' और पेट्रोकेमिकल मांग पर अधिक निर्भर करता है।

क्यों बदल सकता है ग्लोबल गेम?

UAE का यह ऐतिहासिक कदम एक संगठन से केवल उसके एक सदस्य का बाहर भर नहीं है। बल्कि, यह एक 'डोमिनो प्रभाव' (Domino Effect) की शुरुआत कर सकता है, जिसमें वेनेजुएला और कजाकिस्तान जैसे अहम उत्पादक भी स्वतंत्र रास्ते तलाश सकते हैं। ओपेक के प्रभुत्व के अंत का गवाह बन रहे हैं जहां बाजार का संतुलन अब रियाद और मॉस्को के नियंत्रण के बजाय प्रतिस्पर्धी उत्पादन और द्विपक्षीय कूटनीति की ओर झुक रहा है।

भारत के लिए भविष्य की राह अपनी ऊर्जा कूटनीति को और अधिक मुखर बनाने और यूएई जैसे भरोसेमंद साझेदारों के साथ दीर्घकालिक रणनीतिक गठबंधन को और गहरा करने में निहित है। ओपेक की शक्ति का कमजोर होना भारत की ऊर्जा सुरक्षा को वैश्विक कार्टेल के बंधनों से मुक्त कर एक नई आर्थिक संप्रभुता प्रदान करने का सुनहरा अवसर है।

End of Article