हिंदुस्तान यूनिलीवर लिमिटेड (HUL) ने उपभोक्ताओं को बड़ी राहत देते हुए अपने कई लोकप्रिय प्रोडक्ट्स की कीमतों में कटौती की है। कंपनी ने जानकारी दी है कि 22 सितंबर से Dove शैम्पू, Horlicks, Kissan Jam और Lifebuoy साबुन जैसे ब्रांड्स सस्ते दामों पर उपलब्ध होंगे।
नई कीमतों के मुताबिक, 340 मिलीलीटर की Dove शैम्पू की बोतल अब ₹435 में मिलेगी, जो पहले ₹490 थी। इसी तरह, 200 ग्राम का Horlicks अब ₹110 में मिलेगा, जबकि पहले इसकी कीमत ₹130 थी। वहीं 200 ग्राम Kissan Jam की कीमत ₹90 से घटकर ₹80 कर दी गई है। इसके अलावा, Lifebuoy साबुन का 4 पैक (हर एक 75 ग्राम) अब ₹60 में मिलेगा, जबकि पहले यह ₹68 का था।
कब से मिलेंगे सस्ते प्रोडक्ट
मनीकंट्रोल की खबर के अनुसार कंपनी ने बताया कि नए स्टॉक धीरे-धीरे बाजार में उपलब्ध होंगे, जिन पर बदला हुआ अधिकतम खुदरा मूल्य (MRP) या फिर बढ़ा हुआ ग्रामेज़ साफ तौर पर दर्ज होगा। यह कदम उपभोक्ताओं को सीधे तौर पर फायदा पहुंचाने के लिए उठाया गया है।
दरअसल, हाल ही में सरकार ने कंपनियों को निर्देश दिया था कि वे अपने प्रोडक्ट्स की कीमतों में हुए बदलाव की जानकारी उपभोक्ताओं तक पहुंचाएं और इसके लिए अखबारों में विज्ञापन भी जारी करें। HUL का यह कदम इसी दिशा में एक अहम पहल माना जा रहा है।
