Gold Price Drop News: सोने की कीमतों में आई भारी गिरावट के बाद व्यापारियों और उद्यमियों के संगठन चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री (CTI) ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को एक धन्यवाद पत्र लिखा है। संगठन के चेयरमैन बृजेश गोयल के अनुसार, कुछ महीने पहले प्रधानमंत्री मोदी ने देशवासियों और व्यापारियों को सोने की खरीदारी से बचने की जो सलाह दी थी, उसने आज देश के लाखों ज्वैलर्स, छोटे ट्रेडर्स और निवेशकों को बड़े आर्थिक संकट और कर्ज के बोझ से बचा लिया है।
प्रधानमंत्री मोदी की दूरदर्शिता से लाखों ज्वैलर और निवेशक कर्ज में डूबने से बचे - CTI (तस्वीर-PTI/istock)
कीमतों में प्रति किलो 65 लाख रुपये की बड़ी गिरावट
चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री (CTI) द्वारा जारी बयान में बाजार के आंकड़ों का हवाला देते हुए बताया गया कि जब प्रधानमंत्री ने सोना न खरीदने का सुझाव दिया था, तब बाजार में सोने का भाव 1 करोड़ 90 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर पहुंच गया था। वर्तमान में यह भाव गिरकर 1 करोड़ 25 लाख रुपये प्रति किलो पर आ गया है। इस प्रकार सोने की कीमतों में प्रति किलो 65 लाख रुपये की बड़ी गिरावट दर्ज की गई है। CTI चेयरमैन बृजेश गोयल का कहना है कि यदि व्यापारियों ने उस समय ऊंचे दामों पर सोना खरीद लिया होता, तो आज उन्हें प्रति किलो 65 लाख रुपये का सीधा नुकसान उठाना पड़ता, जिससे कई कारोबारी दिवालिया होने की कगार पर पहुंच सकते थे।
ज्वैलरी कारोबारियों और छोटे निवेशकों को मिली बड़ी राहत
व्यापारी संगठन के अनुसार, देश भर के लाखों ज्वैलरी कारोबारी आमतौर पर आगामी महीनों की मांग को देखते हुए पहले से ही भारी स्टॉक जमा करके रखते हैं। संगठन का मानना है कि उस समय खरीदारी रोकने के फैसले से इन कारोबारियों का करोड़ों रुपये का नुकसान टल गया। इसके साथ ही ऑनलाइन और ऑफलाइन माध्यमों से सोने में व्यापार करने वाले छोटे ट्रेडर्स और शेयर बाजार के निवेशकों की पूंजी भी सुरक्षित रही। बृजेश गोयल के मुताबिक, संगठन से जुड़े व्यापारियों के समूहों में अब इस बात की चर्चा है कि शुरुआती दौर में जिस सलाह का विरोध हुआ था, आज वही व्यापारी और ज्वैलर इसे एक सही और दूरदर्शी कदम मान रहे हैं।
शादी के सीजन में आम ग्राहकों को भी सीधा लाभ
सोने के दामों में आई इस नरमी का असर केवल व्यापारियों तक ही सीमित नहीं है, बल्कि आम उपभोक्ताओं को भी इससे बड़ी राहत मिली है। CTI ने अपनी रिपोर्ट में उल्लेख किया है कि वर्तमान में देश भर में शादी-ब्याह का सीजन चल रहा है और एक अनुमान के मुताबिक इस सीजन में करीब 52 लाख शादियां होनी हैं। ऐसे समय में सोने की कीमतें कम होने से उन परिवारों के लिए आभूषण खरीदना आसान और किफायती हो गया है, जिनके घरों में शादी के आयोजन हो रहे हैं।
संवेदनशील बाजारों में निरंतर मार्गदर्शन की मांग
अपने धन्यवाद पत्र के माध्यम से CTI ने केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री से भविष्य के लिए भी एक विशेष आग्रह किया है। संगठन का कहना है कि सोना और चांदी जैसे संवेदनशील बाजारों में उतार-चढ़ाव का सीधा असर छोटे और मध्यम व्यापारियों पर पड़ता है। इसलिए सरकार को समय-समय पर बाजार की स्थितियों को देखते हुए व्यापारियों का मार्गदर्शन करते रहना चाहिए। CTI के अनुसार, सरकारी स्तर पर मिलने वाले ऐसे सुझावों से बाजार में सट्टेबाजी और जमाखोरी करने वाले तत्वों पर लगाम लगाने में मदद मिलेगी और ईमानदार व्यापारियों तथा आम निवेशकों के हित सुरक्षित रह सकेंगे। अंत में बृजेश गोयल ने पूरे व्यापारी समाज की ओर से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समय पर दी गई इस सलाह ने लाखों परिवारों की जमा-पूंजी को डूबने से बचा लिया है।
