Times Now Navbharat
live-tv
Premium

Festive Discount: कार-SUV ही नहीं, 22 Sept से फ्लैट की बुकिंग पर भी मिलेगी लाखों की छूट, समझें पूरा गणित

अगर आप नवरात्रि से लेकर दिवाली तक फ्लैट बुक करने की योजना बना रहे हैं तो यह खबर आपके लिए है। आप इस बार फ्लैट बुकिंग पर लाखों की बचत कर सकते हैं। डेवलपर्स से आप सीधे कैश डिस्काउंट लेकर EMI का बोझ कम कर सकते हैं।

Image
रियल एस्टेट
Authored by: Alok Kumr
Updated Sep 15, 2025, 14:09 IST
Follow on Google News

Festive Discount: इस बार का त्योहारी सीजन खास होने वाला है। दरअसल, सरकार द्वारा GST की दरों में बड़ी कटौती से कार-SUV से लेकर तमाम होम अप्लायंसेज के दाम घटेंगे। जीएसटी कटौती के बाद कार से लेकर एसी, फ्रिज, टीवी बनाने वाली कंपनियों ने कीमत घटाने का ऐलान किया है। इससे त्योहारों के दौरान बाजार में जबरदस्त रौनक लौटने की उम्मीद है। मां दुर्गा की पूजा का महा उत्सव शारदीय नवरात्रि, 22 सितंबर से शुरू हो रहा है। इसी दिन से नई कीमतें लागू होंगी। जीएसटी कटौती में प्रॉपर्टी बाजार को भी राहत दी गई है। कई जरूरी बिल्डिंग मटेरियल्स पर टैक्स घटाई गई है। हालांकि, इसका सीधा असर प्रॉपर्टी की कीमत पर जल्द होने की उम्मीद नहीं है। इसके बावजूद इस बार का त्योहारी सीजन होम बायर्स को बड़ी बचत कराने वाला होगा। डेवलपर्स प्रॉपर्टी की बुकिंग पर लाखों की कैश डिस्काउंट ऑफर करेंगे। सस्ते होम लोन के बीच लाखों के डिस्काउंट से होम बायर्स की बड़ी बचत होगी। आइए समझते हैं कि क्यों होम बायर्स को इस बार डेवलपर्स बंपर डिस्काउंट देंगे।

घरों की बिक्री में 17% की बड़ी गिरावट

रियल एस्टेट रिसर्च फॉर्म प्रॉपइक्विटी के अनुसार, भारत के टॉप 9 शहरों में घरों की बिक्री 2025 की पहली छमाही में सालाना आधार पर 17% घटकर 2.08 लाख यूनिट रह गई। वहीं,बिक्री मूल्य 10% घटकर 2.94 लाख करोड़ रुपये रह गया। घरों की बिक्री घटने से नई लॉन्चिंग पर भी असर हुआ है। 2025 की पहली छमाही में नए लॉन्च प्रोजेक्ट की संख्या भी सालाना आधार पर 18% घटकर 1.99 लाख इकाई रह गई।

JLL की रिपोर्ट में भी प्रॉपर्टी बाजार में मंदी की बात कही गई है। JLL के अनुसार, प्रॉपर्टी सेक्टर ने 2025 की पहली छमाही (H1) में काफी सुस्ती दर्ज की, जो कोविड के बाद हुई मजबूत रिकवरी से बिल्कुल अलग तस्वीर पेश करता है। इस दौरान कुल 1,34,776 यूनिट्स की बिक्री हुई, जो महामारी के बाद पहली बार अर्ध-वार्षिक आधार पर गिरावट है। यह आंकड़ा पिछले साल की तुलना में 13% कम है। गिरावट के पीछे उपभोक्ताओं की बदलती पसंद, प्रॉपर्टी की आसमान छूती कीमत और व्यापक आर्थिक कारण को जिम्मेदार बताया गया है।

एक और रियल एस्टेट रिसर्च फॉर्म एनारॉक के अनुसार, प्रॉपर्टी बाजार में बिक्री गिरी है। रिपोर्ट के अनुसार, 2025 की पहली तिमाही (Q1) में लगातार मजबूत प्रदर्शन के बाद भारतीय हाउसिंग मार्केट की रफ्तार थम गई। बढ़ती प्रॉपर्टी कीमतें और भू-राजनीतिक चुनौतियों ने घरों की मांग गिराने का काम किया। रिपोर्ट के अनुसार, शीर्ष 7 शहरों में हाउसिंग बिक्री में 28% सालाना गिरावट दर्ज की गई। Q1 2025 में लगभग 93,300 यूनिट्स बिकीं, जबकि Q1 2024 में यह संख्या 1,30,150 यूनिट्स से अधिक थी।

रियल एस्टेट में बना हुआ है प्राइस बबल

रियल एस्टेट कंसल्टिंग कंपनी इंदुमा ग्रुप के एमडी ऋषि सिंह ने बताया कि रियल एस्टेट में प्राइस बबल बन चुका है। आम होम बायर्स चाह कर भी अपना घर खरीद नहीं पा रहे हैं। इसकी वजह प्रॉपर्टी की आसमान छूती कीमत है। नोएडा, ग्रेटर नोएडा कभी अफोर्डेबल प्रॉपर्टी के लिए जाना जाता था, लेकिन अब यहां पर करोड़ों से कम के फ्लैट नहीं है। प्रॉपर्टी की कीमतें पिछले 3 साल में तीन गुनी से अधिक बढ़ी है। प्रॉपर्टी की कीमत में अनाप-शनाप वृद्धि की क्या वजह है? इतनी महंगी प्रॉपर्टी कौन खरीद रहा है? ऐसे कई सवाल हैं, जिसका जवाब नहीं मिल पा रहा है। इस सेक्टर में पारदर्शिता के लिए सरकार को कदम उठाने की जरूरत है। मेरा मनना है कि रियल एस्टेट सेक्टर में प्राइस बबल बन चुका है। कुछ मुट्ठी भर निवेशक इस मार्केट को ड्राइव कर रहे हैं। हालांकि, यह लंबे समय तक नहीं चलेगा। निवेशकों के दम पर इस बड़े मार्केट को नहीं चलाया जा सकता है। आज न कल ये बबल जरूर बलास्ट होगा।

प्रॉपर्टी की मांग घटी

प्रॉपर्टी की मांग घटी

बिक्री बढ़ाने के लिए डिस्काउंट देना मजबूरी

फ्लैट की कीमत में बेतहाशा बढ़ोतरी होने के बाद प्रॉपर्टी की बिक्री पिछले 1 सालों से लगातार कम हो रही है। रियल एस्टेट जानकारों का कहना है कि अब बिक्री बढ़ाने के लिए डिस्काउंट देना जरूरी हो गया है। डेवपलर्स के लिए डिस्काउंट देने की सबसे बड़ी वजह यह हो गई है कि सेकेंडरी मार्केट यानी रीसेल प्रॉपर्टी बाजार में प्रॉपर्टी सस्ती मिल रही है। अगर किसी लोकेशन में फ्रेश प्रॉपर्टी की कीमत 10,000 रुपये प्रति स्क्वायर फीट है तो उसी आसपास के प्रोजेक्ट में रीसेल प्रॉपर्टी 8000 से 9000 प्रति स्क्वायर फीट पर प्रॉपर्टी उपलब्ध है। रीसेल मार्केट में प्रॉपर्टी सस्ती होने से फ्रेश प्रॉपर्टी बेचना मुश्किल हो रहा है। इसलिए इस त्योहारी सीजन में बंपर डिस्काउंट देने की योजना है क्योंकि सबसे अधिक प्रॉपर्टी की बुकिंग इसी दौरान होती है। हां, इस बार यह सामने यानी पेपर पर नहीं दिखे लेकिन डील में तगड़ी डिस्काउंट मिलेगी। प्रॉपर्टी की कीमत पर 10 से 20% तक डिस्काउंट मिल सकती है। बशर्ते होम बायर्स अच्छी से डील कर लें।

इस तरह से डेवलपर्स से बेस्ट डील लें?

रियल एस्टेट मामलों के विशेषज्ञ प्रदीप मिश्रा ने बताया कि त्योहारी सीजन में प्रॉपर्टी खरीदने के कई फायदे हैं। बैंक से डेवलपर्स कई आकर्षक डील देते हैं। ऐसे में इस वक्त का सही इस्तेमाल कर होम बायर्स आसानी से अच्छी डील लेकर बड़ी बचत कर सकता है। अब सवाल होता है कि मौजूदा मार्केट में आप कैसे बेस्ट डील लें सकते हैं तो इस बार यह बहुत ही आसान है। आज की मार्केट में प्रॉपर्टी की ब्रिकी हो रही है, लेकिन वही हो रही, जिसका रीसेल मार्केट से रेट मैच कर रहा है। रेट मार्केट कंडीशन और ऑल इन्क्लूसिव प्राइस के अनुसार तय हो रहा है।

प्रॉपर्टी की बढ़ी कीमतों के बाद डेवलपर द्वारा सेकेंडरी मार्केट के आसपास रेट को मैच कराए जा रहे हैं। यह काम डिस्काउंट देकर किया जा रहा है। इसलिए आप जब भी किसी प्रोजेक्ट में प्रॉपर्टी खरीदने जा रहे हैं, उसके आसपास के 3 से 4 प्रोजेक्ट में अपने साइज के अनुसार रेट चेक करें। इसके साथ ही लोकेशन, प्रोजेक्ट में मिलने वाली एमेनिटीज, कंस्ट्रक्शन क्वालिटी और डेवलपर्स की ब्रांड वैल्यू की भी तुलना करें। अगर आपको फ्रेश में रीसेल वाली रेट मिल रही तो सौदा कर लें। नहीं तो आप रीसेल मार्केट का रुख कर सकते हैं। आप जितनी अच्छी तरह से निगोशिएट करेंगे, उतना बेस्ट रेट ले पाएंगे।

होम बायर्स

होम बायर्स

End of Article