Export: मई में निर्यात 9% बढ़ा, व्यापार घाटा 7 महीने के उच्चतम स्तर पर

Export: भारत का मई में वस्तु निर्यात नौ प्रतिशत बढ़कर 38.13 अरब डॉलर हो गया। इस महीने इंजीनियरिंग, इलेक्ट्रॉनिक, औषधि, कपड़ा और प्लास्टिक जैसे क्षेत्रों में स्वस्थ वृद्धि के दम पर वैश्विक आर्थिक अनिश्चितताओं के बावजूद निर्यात में वृद्धि दर्ज की है। इस दौरान व्यापार घाटा बढ़कर सात महीने के उच्चतम स्तर 23.78 अरब अमेरिकी डॉलर पर पहुंच गया।

Export: भारत का मई में वस्तु निर्यात नौ प्रतिशत बढ़कर 38.13 अरब डॉलर हो गया, जो एक साल पहले इसी महीने में 34.95 अरब डॉलर था। इस दौरान व्यापार घाटा बढ़कर सात महीने के उच्चतम स्तर 23.78 अरब अमेरिकी डॉलर पर पहुंच गया। शुक्रवार को जारी सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, भारत ने मई में इंजीनियरिंग, इलेक्ट्रॉनिक, औषधि, कपड़ा और प्लास्टिक जैसे क्षेत्रों में स्वस्थ वृद्धि के दम पर वैश्विक आर्थिक अनिश्चितताओं के बावजूद निर्यात में वृद्धि दर्ज की है। आलोच्य अवधि में कच्चे तेल का आयात बढ़ने से देश का कुल आयात 7.7 प्रतिशत बढ़कर 61.91 अरब अमेरिकी डॉलर हो गया। यह मई 2023 में 57.48 अरब अमेरिकी डॉलर था।

India Export, Trade deficit

भारत की निर्यात बढ़ा (तस्वीर-Canva)

सोने का आयात घटा

तेल आयात मई में 28 प्रतिशत बढ़कर 20 अरब डॉलर हो गया। इस तरह वित्त वर्ष 2024-25 के पहले दो महीनों में तेल आयात 24.4 प्रतिशत बढ़कर 36.4 अरब डॉलर हो गया। हालांकि, इस साल मई में सोने का आयात मामूली रूप से घटकर 3.33 अरब डॉलर रह गया, जो पिछले साल इसी महीने में 3.69 अरब डॉलर था। समीक्षाधीन महीने में आयात और निर्यात के बीच का अंतर यानी देश का व्यापार घाटा बढ़कर 23.78 अरब अमेरिकी डॉलर रहा जो सात महीनों का उच्चतम स्तर है। पिछली बार अक्टूबर 2023 में यह 31.46 अरब अमरीकी डॉलर रहा था। अप्रैल 2024 में देश का निर्यात घटकर 41.68 अरब अमरीकी डॉलर हो गया था जो अप्रैल 2023 में 41.96 अरब डॉलर था। कुल मिलाकर चालू वित्त वर्ष में अप्रैल-मई के दौरान निर्यात 5.1 प्रतिशत बढ़कर 73.12 अरब डॉलर हो गया जबकि आयात 8.89 प्रतिशत बढ़कर 116 अरब डॉलर रहा।

End of Feed