EPFO Guide: ईपीएफओ (EPFO) ने पेंशनभोगियों के लिए जीवन प्रमाण पत्र (Digital Life Certificate) जमा करना बेहद आसान बना दिया है। अब पेंशनर्स को ऑफिस के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं है, बल्कि वे घर बैठे ही फेस ऑथेंटिकेशन के जरिए अपना जीवन प्रमाण पत्र जमा कर सकते हैं। जी हां, ईपीएफओ की ओर से कहा गया है कि फेस ऑथेंटिकेशन के जरिए पेंशनर्स घर बैठे 6 आसान स्टेप्स को फॉलो कर आसानी से अपना डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र सबमिट कर सकते हैं।
EPFO (Photo: X handle/@officialepfo)
कैसे काम करता है यह सिस्टम?
इस सुविधा के तहत पेंशनर्स को अपने स्मार्टफोन में AadhaarFaceRD और Jeevan Pramaan Face App डाउनलोड करना होगा। पेंशनभोगी को अपने आधार से जुड़े मोबाइल नंबर और संबंधित पेंशन जारी करने वाली संस्था (बैंक या डाकघर) की जानकारी तैयार रखनी होती है। इसके बाद ऐप के माध्यम से आधार आधारित फेस ऑथेंटिकेशन किया जाता है, जिसमें मोबाइल के फ्रंट कैमरे से लाइव फोटो लिया जाता है। यह फोटो आधार डेटाबेस से मैच किया जाता है, जिससे व्यक्ति की पहचान की पुष्टि होती है।
6 आसान स्टेप्स में समझें पूरी प्रक्रिया
EPFO (Photo: X handle/@officialepfo)
स्मार्टफोन और इंटरनेट की व्यवस्था करें
सबसे पहले आपके पास एक एंड्रॉयड स्मार्टफोन होना चाहिए, जिसमें कम से कम 5 मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा हो। साथ ही, फोन में इंटरनेट कनेक्शन भी जरूरी है, क्योंकि पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन होती है।
आधार और पेंशन से जुड़ी जानकारी तैयार रखें
आपको अपना आधार नंबर तैयार रखना होगा, जो पेंशन वितरण प्राधिकरण (जैसे बैंक, डाकघर या अन्य संस्था) के साथ रजिस्टर होना चाहिए। यह जानकारी पहचान सत्यापन के लिए जरूरी होती है।
जरूरी ऐप डाउनलोड और इंस्टॉल करें
गूगल प्ले स्टोर से “AadhaarFaceRD” और “Jeevan Pramaan Face App” डाउनलोड करें। इन ऐप्स की मदद से ही फेस ऑथेंटिकेशन और जीवन प्रमाण पत्र जमा करने की प्रक्रिया पूरी होती है।
ऑथेंटिकेशन प्रक्रिया शुरू करें
इस स्टेप में आपको ऑपरेटर ऑथेंटिकेशन करना होता है और चेहरे को स्कैन करना होगा। खास बात यह है कि पेंशनर खुद भी ऑपरेटर की भूमिका निभा सकता है, यानी किसी अन्य व्यक्ति की जरूरत नहीं है।
पेंशन की जानकारी भरें
अब आपको अपनी पेंशन से जुड़ी जरूरी जानकारी सही-सही भरनी होगी। यह जानकारी आपके रिकॉर्ड से मेल खानी चाहिए।
फोटो कैप्चर कर सबमिट करें
अंत में, मोबाइल के फ्रंट कैमरे से लाइव फोटो लें। यह फोटो आधार डेटाबेस से मैच किया जाता है और सफल सत्यापन के बाद आपका जीवन प्रमाण पत्र सबमिट हो जाता है।
सभी स्टेप पूरे होने के बाद आपको आपके मोबाइल नंबर पर SMS के जरिए जीवन प्रमाण पत्र डाउनलोड करने का लिंक मिल जाता है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। बिज़नेस (Business News) अपडेट और आज का सोने का भाव (Gold Rate Today), आज की चांदी का रेट (Silver Rate Today) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
