केंद्र सरकार ने रेलवे कर्मचारियों के लिए दिवाली बोनस का ऐलान कर दिया है। भारतीय रेलवे के 10.9 लाख कर्मचारियों को इस बोनस का फायदा मिलेगा। केंद्रीय मंत्रिमंडल ने रेलवे कर्मचारियों के लिए उत्पादकता से जुड़े बोनस के भुगतान को मंजूरी दी है। केंद्रीय मंत्रिमंडल ने रेलवे कर्मचारियों के लिए 78 दिनों के वेतन के बराबर उत्पादकता से जुड़े बोनस को मंजूरी दी है। रेलवे कर्मचारियों को बोनस देने में 1,866 करोड़ रुपये खर्च होंगे। दिवाली बोनस विभिन्न श्रेणियों के रेलवे कर्मचारियों जैसे ट्रैक मेंटेनर, लोको पायलट, ट्रेन मैनेजर (गार्ड), स्टेशन मास्टर, पर्यवेक्षक, तकनीशियन, तकनीशियन हेल्पर, पॉइंट्समैन, मंत्रालयिक कर्मचारी और अन्य ग्रुप एक्ससी को दी गई। पीएलबी का भुगतान रेलवे कर्मचारियों को रेलवे के प्रदर्शन में सुधार लाने के लिए प्रेरित करने हेतु एक प्रोत्साहन के रूप में कार्य करता है।
17,951 रुपये का अधिकतम बोनस मिलेगा
एक पात्र रेल कर्मचारी को 78 दिनों के लिए अधिकतम देय राशि 17,951 रुपये है। यह राशि कई प्रकार के रेल कर्मचारियों को दी जाएगी, जिनमें ट्रैक मेंटेनर, लोकोमोटिव पायलट, ट्रेन मैनेजर (गार्ड), स्टेशन मास्टर, सुपरवाइजर, तकनीशियन, तकनीशियन हेल्पर, पॉइंट्समैन, मंत्रालयिक कर्मचारी और अन्य ग्रुप 'सी' कर्मचारी शामिल हैं। सरकार ने कहा, "वर्ष 2024-25 में रेलवे का प्रदर्शन बहुत अच्छा रहा। रेलवे ने रिकॉर्ड 1614.90 मिलियन टन माल ढुलाई की और लगभग 7.3 बिलियन यात्रियों को ढोया।
बाजार में मांग बढ़ाने में होगा सहायक
जानकारों का कहना है कि रेलवे कर्मचारियों को बोनस भुगतान, घरेलू खर्च को सीधे तौर पर बढ़ा सकता है। इलेक्ट्रॉनिक्स और टिकाऊ वस्तुओं से लेकर कपड़ों और त्योहारों की जरूरी चीजों तक, दिवाली से पहले ज्यादा खर्च करने योग्य आय आमतौर पर मजबूत खुदरा बिक्री में तब्दील होती है। इसके अलावा, वैष्णव ने कहा कि मोदी के नेतृत्व वाली कैबिनेट ने ₹94,000-95,000 करोड़ की परियोजनाओं को मंजूरी दी है। उन्होंने कहा, "प्रधानमंत्री ने कुछ बहुत ही ऐतिहासिक फैसले लिए हैं। आज की कैबिनेट बैठक में, कई क्षेत्रों में लगभग ₹94,000-95,000 करोड़ की मंज़ूरी दी गई। हमारे रेलवे के लिए, बख्तियारपुर-राजगीर-तिलैया लाइन के दोहरीकरण को मंजूरी दी गई है। अब तक, यह सिंगल लाइन थी, जिसकी क्षमता सीमित थी। दोहरीकरण के साथ, इसकी क्षमता में काफ़ी वृद्धि होगी।
