दिल्‍लीवालों को बड़ा झटका! 17% तक बढ़ने वाला है बिजली का बिल, DERC ने कंपनियों को दे दी खुली छूट

भीषण गर्मी के बीच राजधानी में बिजली का बिल 17% तक बढ़ने जा रहा है। वैश्विक ऊर्जा संकट और महंगे कोयले का हवाला देते हुए DERC ने बिजली कंपनियों को अधिक सरचार्ज (FPPAS) वसूलने की खुली छूट दे दी है।

भीषण गर्मी की मार झेल रहे दिल्ली के करोड़ों बिजली उपभोक्ताओं के लिए एक बेहद परेशान करने वाली खबर आई है। वैश्विक स्तर पर चल रहे तनाव और कोयले की आसमान छूती कीमतों के कारण पैदा हुए ऊर्जा संकट का सीधा असर अब दिल्ली की जनता की जेब पर पड़ने जा रहा है। दिल्ली विद्युत विनियामक आयोग (DERC) ने एक बड़ा फैसला लेते हुए राजधानी की निजी बिजली वितरण कंपनियों (डिस्कॉम) को उपभोक्ताओं से भारी-भरकम ‘फ्यूल एंड पावर परचेज एडजस्‍टमेंट सरचार्ज’ (FPPAS) वसूलने की खुली छूट दे दी है। इस नए आदेश के बाद बिजली कंपनियों पर लगी 10 प्रतिशत की पुरानी सीमा पूरी तरह खत्म हो गई है, जिससे बिना सब्सिडी वाले उपभोक्ताओं के मासिक बिजली बिल में 17 प्रतिशत तक का बड़ा उछाल आना बिल्कुल तय माना जा रहा है।

Electricity Bill

क्यों बढ़ेगा बिजली बिल?

इस पूरी बढ़ोतरी के पीछे मुख्य वजह बिजली उत्पादन की बढ़ती लागत को बताया जा रहा है। अधिकारियों के मुताबिक, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जारी भू-राजनीतिक तनाव के कारण ऊर्जा संकट गहरा गया है। इसके अलावा, विदेशों से आयात होने वाले कोयले की कीमतों और उसके ट्रांसपोर्टेशन (परिवहन) खर्च में भारी बढ़ोतरी हुई है। बिजली उत्पादन की इसी रिकॉर्ड तोड़ लागत की भरपाई करने के लिए दिल्ली की प्रमुख बिजली कंपनियों बीआरपीएल (BRPL), बीवाईपीएल (BYPL) और टाटा पावर (TPDDL) ने मई के महीने में आयोग (DERC) से गुहार लगाई थी। कंपनियों का कहना था कि अप्रैल में उनकी वास्तविक बिजली खरीद लागत बहुत ज्यादा रही है, इसलिए सरचार्ज वसूलने की 10 प्रतिशत की अधिकतम सीमा में ढील दी जाए, जिसे आयोग ने अब स्वीकार कर लिया है।

End of Feed