मुंबई में CNG सप्लाई बंद होने से हालात बिगड़ गए हैं। शहर के कई पेट्रोल पंपों पर भारी अफरा-तफरी देखी जा रही है, क्योंकि CNG न मिलने से लोगों के सफर पर सीधा असर पड़ा है। वडाला और आसपास के इलाकों में सबसे ज्यादा परेशानी देखने को मिल रही है। इस बीच GAIL के डायरेक्टर ने बयान जारी कर कहा है कि गैस सप्लाई को बहाल करने में लगभग 24 से 30 घंटे लगेंगे। यानी मुंबई में CNG की दिक्कत अभी एक-दो दिन और चल सकती है, जिससे आम लोगों, टैक्सी-ऑटो चालकों और यात्रियों को काफी परेशानी झेलनी पड़ सकती है।
कब शुरू सप्लाई में दिक्कत?
मुंबई में रविवार को अचानक CNG की सप्लाई रुकने से शहर का ऑटो, टैक्सी और बस सिस्टम बुरी तरह प्रभावित हो गया। महानगर गैस लिमिटेड (MGL) के मुताबिक, शहर को गैस पहुंचाने वाली मुख्य पाइपलाइन को नुकसान पहुंचा है। यह क्षति वडाला स्थित राष्ट्रीय रसायन एवं उर्वरक (RCF) परिसर के अंदर गेल (GAIL) की मुख्य गैस पाइपलाइन में हुई, जिसकी वजह से वडाला सिटी गेट स्टेशन से गैस सप्लाई बंद हो गई। यह स्टेशन पूरे मुंबई महानगरीय क्षेत्र के लिए एक बड़ा सप्लाई सेंटर है, इसलिए इसके ठप होने का सीधा असर मुंबई, ठाणे और नवी मुंबई के कई CNG पंपों पर दिखा।
इनलोगों की बढ़ी परेशानी
CNG सप्लाई बंद होने से लाखों ऑटोरिक्शा, टैक्सी और Ola–Uber जैसी कैब सेवाएं प्रभावित हो गई हैं। मुंबई की सार्वजनिक बस सेवा की कुछ गाड़ियां भी CNG पर चलती हैं, ऐसे में उनमें भी संचालन से जुड़ी दिक्कतें बढ़ सकती हैं। कई इलाकों में ऑटो और टैक्सी वाले पंपों पर लंबी लाइन लगाए दिखे, जबकि नवी मुंबई के कई CNG स्टेशनों पर ‘CNG बंद है’ के बोर्ड भी लगा दिए गए।
इस बीच MGL ने कहा है कि वह घरेलू उपभोक्ताओं को प्राथमिकता दे रहा है और PNG यानी पाइप्ड नेचुरल गैस की सप्लाई बाधित नहीं होगी। कंपनी ने औद्योगिक और वाणिज्यिक ग्राहकों को फिलहाल वैकल्पिक ईंधन इस्तेमाल करने की सलाह दी है, ताकि नेटवर्क पर अतिरिक्त दबाव न पड़े।
गेल अधिकारियों के अनुसार, पाइपलाइन की मरम्मत तेजी से की जा रही है, लेकिन पूरी सप्लाई को बहाल होने में लगभग 24 से 30 घंटे लग सकते हैं। तब तक मुंबई, ठाणे और नवी मुंबई के लोगों को ऑटो–टैक्सी और अन्य CNG वाहनों की सीमित उपलब्धता के कारण काफी परेशानी झेलनी पड़ सकती है।
रविवार दोपहर से CNG सप्लाई में आई खराबी और मुंबई के चेंबूर में PNG पाइपलाइन लीक होने की वजह से हालात सोमवार सुबह तक और बिगड़ गए। सप्लाई में कमी का सीधा असर मुंबई, ठाणे और नवी मुंबई में दिख रहा है, जहां कई CNG पंप और पेट्रोल पंपों के बाहर प्राइवेट कैब और ऑटो की लंबी-लंबी कतारें लगी हुई हैं। मुंबई के BKC स्थित महानगर गैस स्टेशन पर लगभग 2 किलोमीटर तक ऑटो और कैब की लाइन दिखाई दी। ड्राइवरों का कहना है कि रविवार शाम से ही पूरे शहर में गैस की भारी किल्लत है। कई ड्राइवर 3-4 घंटे से लाइन में खड़े हैं, लेकिन गैस नहीं मिल रही। कुछ ऑटो चालकों का कहना है कि उन्हें सुबह और शाम को ही ज्यादा सवारी मिलती है, लेकिन गैस की लाइन में पूरा दिन निकल गया। शहर के लगभग हर पंप पर यही स्थिति बनी हुई है, जिससे ऑटो और कैब ड्राइवर काफी परेशान हैं।
