BOI FD Rates for Senior Citizens: अगर आप सीनियर सिटिजन हैं और सुरक्षित निवेश के साथ बेहतर रिटर्न की तलाश में हैं तो बैंक ऑफ इंडिया (BOI) की फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) स्कीम आपके लिए अच्छा विकल्प हो सकती है। सरकारी बैंक सीनियर सिटिजन और सुपर सीनियर सिटिजन के लिए सामान्य ग्राहकों की तुलना में अधिक ब्याज दरों की पेशकश कर रहा है। बैंक की ओर से सीनियर सिटिजन को एफडी पर 7.25 प्रतिशत तक का ब्याज ऑफर किया जा रहा है।
सीनियर सिटिजन के लिए एफडी रेट्स (AI Generated Image)
2 और 3 साल की FD पर ब्याज दर
बैंक ऑफ इंडिया की मौजूदा ब्याज दरों के अनुसार 2 वर्ष से लेकर 3 वर्ष से कम समय की एफडी पर सामान्य ग्राहकों को 6.60% की दर से ब्याज दिया जा रहा है। वहीं, सीनियर सिटिजन के लिए यही ब्याज दर बढ़कर 7.10% और सुपर सीनियर सिटिजन के लिए 7.25% हो जाती है।
दूसरी ओर, अगर कोई ग्राहक बैंक की 3 साल की एफडी में निवेश करता है तो यही ब्याज दर बढ़कर 6.70% हो जाएगी। लेकिन 3 साल की एफडी के लिए सीनियर सिटिजन और सुपर सीनियर सिटिजन को कोई अतिरिक्त लाभ नहीं मिलेगा। यानि सभी ग्राहकों के लिए ब्याज दर एक समान रहेगी।
बैंक के अनुसार, 60 वर्ष या उससे अधिक लेकिन 80 वर्ष से कम आयु वाले ग्राहकों को सीनियर सिटिजन माना जाता है। इन्हें 6 महीने या उससे अधिक (लेकिन 3 वर्ष से कम) की रिटेल एफडी (3 करोड़ रुपये से कम) पर 0.50% अतिरिक्त ब्याज मिलता है।
इसी तरह, 80 वर्ष या उससे अधिक आयु वाले ग्राहकों को सुपर सीनियर सिटिजन की कैटेगरी में रखा जाता है। इन्हें 6 महीने या उससे अधिक (लेकिन 3 वर्ष से कम) की रिटेल एफडी (3 करोड़ रुपये से कम) पर 0.65% अतिरिक्त ब्याज मिलता है।
3 लाख रुपये की एफडी पर कितना मिलेगा रिटर्न?
अब उदाहरण से समझें तो अगर सामान्य नागरिक बैंक की 2 वर्ष से लेकर 3 वर्ष से कम समय की एफडी में 3 लाख रुपये निवेश करता है तो उसे मैच्योरिटी पर लगभग 3,39,600 रुपये, सीनियर सिटिजन को लगभग 3,42,600 रुपये और सुपर सीनियर सिटिजन को लगभग 3,43,500 रुपये मिलेंगे।
वहीं, अगर कोई ग्राहक 3 साल की एफडी में 3 लाख रुपये निवेश करता है तो उसे मैच्योरिटी पर लगभग 3,60,300 रुपये मिलेंगे। यह रकम हर कैटेगरी के ग्राहक के लिए एक ही रहेगी।
| FD अवधि | ग्राहक श्रेणी | निवेश राशि | ब्याज दर | अनुमानित मैच्योरिटी राशि |
|---|---|---|---|---|
| 2 वर्ष | सामान्य ग्राहक | ₹3,00,000 | 6.60% | ₹3,39,600 |
| 2 वर्ष | सीनियर सिटिजन | ₹3,00,000 | 7.10% | ₹3,42,600 |
| 2 वर्ष | सुपर सीनियर सिटिजन | ₹3,00,000 | 7.25% | ₹3,43,500 |
| 3 वर्ष | सभी श्रेणियां | ₹3,00,000 | 6.70% | ₹3,60,300 |
निवेश से पहले इन बातों का रखें ध्यान
एफडी करवाने से पहले ब्याज दर, अवधि, समय से पहले निकासी (Premature Withdrawal) के नियम और टैक्स से जुड़े प्रावधानों की जानकारी जरूर लें। साथ ही बैंक की लेटेस्ट ब्याज दरें बैंक की ऑफिशियल वेबसाइट पर जरूर चेक करें। बैंक अक्सर ब्याज दरों को अपडेट करते रहते हैं।
