Axis Bank Aadhaar Face Authentication: क्या आपको भी मोबाइल नंबर अपडेट करने के लिए बैंक ब्रांच विजिट करना एक झंझट भरा काम लगता है। अगर हां तो खुश हो जाइए अगर आप एक्सिस बैंक के ग्राहक हैं तो अब आपका यह काम आसानी से घर बैठे ही होने वाला है। दरअसल, डिजिटल बैंकिंग को और अधिक सरल और सुरक्षित बनाने के लिए एक्सिस बैंक (Axis Bank) की ओर से एक नई सुविधा शुरू की गई है। बैंक ने अपने ग्राहकों के लिए आधार आधारित फेस ऑथेंटिकेशन के जरिए मोबाइल नंबर अपडेट करने की सुविधा पेश की है।
एक्सिस बैंक के ग्राहकों को घर बैठे मिलेगी अब ये सर्विस (Photo: iStock)
बैंक जाने की खत्म हुई जरूरत
अच्छी बात ये है कि एक्सिस बैंक के ग्राहकों को अब मोबाइल नंबर अपडेट करने के लिए बैंक ब्रांच जाने की जरूरत नहीं है। इस सुविधा से पहले मोबाइल नंबर अपडेट करने के लिए बैंक के ग्राहकों को ब्रांच विजिट करने या एटीएम जाने की जरूरत पड़ती थी। वहीं, यह काम अब घर बैठे सीधे मोबाइल ऐप के जरिए किया जा सकेगा।
ऐसे करें मोबाइल नंबर अपडेट
- सबसे पहले Axis Bank Mobile App में लॉगिन करें।
- ऐप में जाकर Update Mobile Number विकल्प को चुनें।
- अब अपना नया मोबाइल नंबर दर्ज करें।
- इसके बाद आइडेंटिटी वेरिफिकेशन के लिए Aadhaar आधारित फेस ऑथेंटिकेशन का विकल्प चुनें।
- स्क्रीन पर दिए निर्देशों के अनुसार अपना लाइव फोटो (Face Scan) कैप्चर करें।
- यह फोटो आधार डेटाबेस में मौजूद आपकी जानकारी से मिलाया जाएगा।
- अगर वेरिफिकेशन सफल होता है, तो आपका मोबाइल नंबर तुरंत अपडेट हो जाएगा।
पूरी तरह से सुरक्षित तकनीक
यह तकनीक पूरी तरह सुरक्षित मानी जाती है क्योंकि इसमें बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन का इस्तेमाल होता है। इससे किसी दूसरे व्यक्ति द्वारा गलत तरीके से मोबाइल नंबर बदलने की संभावना काफी कम हो जाती है। साथ ही, यह प्रक्रिया तेज और यूजर-फ्रेंडली है, जिससे ग्राहकों का समय भी बचता है।
कौन-से ग्राहकों को मिली राहत
एक्सिस बैंक की यह पहल डिजिटल इंडिया मिशन के अनुरूप है, जहां अधिक से अधिक सेवाओं को ऑनलाइन और पेपरलेस बनाया जा रहा है। इस सुविधा से उन लोगों को खास फायदा होगा, जो अपने पुराने मोबाइल नंबर तक पहुंच नहीं रखते या OTP आधारित वेरिफिकेशन नहीं कर पाते।
