बजाज फाइनेंस के चेयरमैन पद से इस्तीफा देंगे राहुल बजाज, उनका स्थान लेंगे संजीव बजाज

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jul 21, 2020, 07:15 PM IST

Rahul Bajaj : राहुल बजाज ने बजाज फाइनेंस के चेयरमैन के पद से इस्तीफा देने का फैसला लिया है। संजीव बजाज उनका स्थान लेंगे।

बजाज फाइनेंस के चेयरमैन पद से इस्तीफा देंगे राहुल बजाज, उनका स्थान लेंगे संजीव बजाज
Photo Credit: BCCL

नई दिल्ली : तीन दशक से अधिक समय से बजाज फाइनेंस (Bajaj Finance) के नन एक्जीक्यूटिव चेयरमैन रहे राहुल बजाज (Rahul Bajaj) 31 जुलाई को पद से हट जाएंगे। बजाज फाइनेंस ने मंगलवार को शेयर बाजार को दी सूचना में कहा कि उनका स्थान संजीव बजाज (Sanjeev Bajaj) लेंगे। संजीव कंपनी के उपाध्यक्ष हैं। कंपनी ने कहा कि उसके बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स ने मंगलवार को वर्तमान उपाध्यक्ष संजीव बजाज की अगले चेयरमैन के तौर पर नियुक्ति का अनुमोदन कर दिया।

कंपनी ने बताया कि नन एक्जीक्यूटिव चेयरमैन राहुल बजाज वर्ष 1987 में शुरू होने के समय से ही कंपनी और ग्रुप का संचालन कर रहे हैं। उन्होंने बेटे संजीव को उत्तराधिकार सौंपने के मकसद से 31 जुलाई, 2020 को पद छोड़ने का फैसला लिया है। कंपनी के मुताबिक बजाज फाइनेंस के नन एक्जीक्यूटिव चेयरमैन राहुल बजाज 1987 से और बजाज ग्रुप में 50 साल से यह जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। 

उत्तराधिकार योजना के तहत उन्होंने 31 जुलाई 2020, से कंपनी बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स के चेयरमैन पद से हटने का फैसला किया है। हालांकि, राहुल बजाज कंपनी के नन एक्जीक्यूटिव,नन इंडिपेंडेंट डायरेक्टर के तौर में कंपनी के लिए काम करते रहेंगे।

कंपनी के निदेशक मंडल ने एक अगस्त, 2020 से गैर-कार्यकारी चेयरमैन पद पर संजीव बजाज की नियुक्ति को मंजूरी दे दी है। संजीव 1 अगस्त से बजाज फाइनेंस के प्रमुख के तौर पर काम शुरू कर देंगे। वह बजाज अलायंज बोर्ड के चेयरमैन और बजाज होल्डिंग्स एंड इनवेस्टमेंट के मैनेजिंग डायरेक्टर भी हैं। बजाज फाइनेंस ने मंगलवार को कंपनी के कॉनसोलिडेटेड में 19.48% की गिरावट आने की जानकारी दी।
 

End of Article