Akasa Air MRO Facility at Noida Airport: घरेलू विमानन कंपनी अकासा एयर ने नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा के साथ रणनीतिक सहयोग के तहत उत्तर प्रदेश के जेवर में बन रहे हवाई अड्डे पर एमआरओ (aircraft maintenance, repair and overhaul) फेसिलिटी डेवलप करने की घोषणा की है।
नोएडा एयरपोर्ट पर अकासा एयर का बड़ा दांव (Photo: iStock)
भाषा (पीटीआई) की एक रिपोर्ट के अनुसार, कंपनी ने एक बयान में कहा कि इस सहयोग के तहत अकासा एयर हवाई अड्डे के परिसर के भीतर इस केंद्र का संचालन करेगी और यहां विमानों के रखरखाव से जुड़ी एडवांस एमआरओ सर्विस उपलब्ध करवाई जाएंगी।
भारत का एविएशन इंफ्रास्ट्रक्चर होगा मजबूत
बयान के अनुसार, इस पहल का उद्देश्य भारत के एविएशन इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करना और नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को देश के प्रमुख एमआरओ हब के रूप में स्थापित करना है। इससे संचालन क्षमता में सुधार होगा, स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर उत्पन्न होंगे और क्षेत्र में कौशल विकास को बढ़ावा मिलेगा।
अकासा एयर का पहला विमान रखरखाव केंद्र
अगस्त 2022 में सेवाएं शुरू करने के बाद अकासा एयर का यह पहला विमान रखरखाव केंद्र होगा।नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) क्रिस्टोफ श्नेलमैन ने कहा कि यह साझेदारी न केवल भारत की विमान रखरखाव क्षमताओं को मजबूत करेगी बल्कि क्षेत्र में कौशल विकास एवं रोजगार के अवसर भी बढ़ाएगी।
बयान के अनुसार, यह सहयोग विमान रखरखाव सेवाओं में भारत की आत्मनिर्भरता को मजबूत करने तथा पूरे क्षेत्र में इनोवेशन और संचालन उत्कृष्टता को आगे बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
यह साझेदारी एक ऐसे इंटीग्रेटेड एविएशन इकोसिस्टम के निर्माण की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम है जो उद्योग के दीर्घकालिक विकास को समर्थन देगा और क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था में योगदान करेगा।
देश का विमानन बाजार तेजी से बढ़ रहा आगे
अकासा एयर के संस्थापक एवं सीईओ विनय दुबे ने कहा कि भारत का विमानन बाजार अभूतपूर्व गति से बढ़ रहा है और ऐसे में मजबूत घरेलू विमान रखरखाव क्षमताओं का विकास विमानन कंपिनयों के लिए कुशल और भरोसेमंद संचालन के लिए बेहद महत्वपूर्ण होगा।
उन्होंने कहा कि अकासा एयर के लिए इस क्षमता में शुरुआती निवेश विकास की सुविचारित रणनीति का हिस्सा है जिससे कंपनी की संचालन व्यवस्था मजबूत होगी और भारत में अधिक आत्मनिर्भर विमानन तंत्र के विकास में योगदान मिलेगा।
