अगर आप आने वाले दिनों में फ्लाइट से सफर करने की तैयारी कर रहे हैं तो आपके लिए जरूरी खबर है। Air India और Air India Express ने बढ़ती Aviation Turbine Fuel (ATF) कीमतों के बीच घरेलू और चुनिंदा इंटरनेशनल उड़ानों पर फ्यूल सरचार्ज बढ़ाने का ऐलान किया है। नया सरचार्ज 9 अक्टूबर से की जाने वाली नई बुकिंग पर लागू होगा। यानी टिकट बुक करते समय यात्रियों को पहले के मुकाबले ज्यादा किराया चुकाना पड़ सकता है।
क्यों बढ़ाया गया फ्यूल सरचार्ज?
क्यों बढ़ाया गया फ्यूल सरचार्ज?
एयरलाइंस के मुताबिक, पिछले कुछ महीनों में ATF की कीमतों में काफी उतार-चढ़ाव देखने को मिला है। इसके पीछे भू-राजनीतिक घटनाक्रम और वैश्विक ऊर्जा बाजार में बनी स्थिति को प्रमुख वजह बताया गया है। ईंधन की कीमत बढ़ने से एयरलाइंस की ऑपरेटिंग लागत पर सीधा असर पड़ता है और एविएशन बिजनेस में फ्यूल एक बड़ा खर्च होता है।
Air India और Air India Express ने कहा है कि नया सरचार्ज बढ़ी हुई लागत के एक हिस्से की भरपाई करने के लिए लगाया गया है। दोनों एयरलाइंस समय-समय पर सरचार्ज की समीक्षा करेंगी और स्थिति के हिसाब से इसमें बदलाव किया जा सकता है।
घरेलू उड़ानों पर कितना सरचार्ज लगेगा?
घरेलू उड़ानों में सरचार्ज यात्रा की दूरी के हिसाब से तय किया गया है। 0 से 500 किलोमीटर तक के वन-वे सफर पर ₹400, जबकि 501 से 1,000 किलोमीटर के लिए ₹600 फ्यूल सरचार्ज देना होगा। 1,001 से 1,500 किलोमीटर की दूरी के लिए यह ₹850 और 1,501 से 2,000 किलोमीटर तक के सफर के लिए ₹1,200 होगा। 2,000 किलोमीटर से ज्यादा दूरी वाले घरेलू रूट पर भी ₹1,200 सरचार्ज लागू होगा।
इंटरनेशनल फ्लाइट पर भी बढ़ा चार्ज
भारत से आने-जाने वाली चुनिंदा इंटरनेशनल उड़ानों पर भी नया फ्यूल सरचार्ज लागू होगा। नॉर्थ अमेरिका के रूट पर यह 215 अमेरिकी डॉलर, ऑस्ट्रेलिया के लिए 210 डॉलर, यूरोप और UK के लिए 135 डॉलर और वेस्ट एशिया/मिडिल ईस्ट के लिए 55 डॉलर तय किया गया है। ये चार्ज वन-वे यात्रा के लिए हैं।
9 अक्टूबर से नई बुकिंग पर लागू
Air India Express के लिए नया सरचार्ज 9 अक्टूबर को रात 12 बजे (IST) से की गई नई बुकिंग पर लागू होगा। वहीं Air India की नई बुकिंग पर यह बदलाव 9 अक्टूबर को सुबह 11 बजे (IST) से लागू होगा। यानी अगर आप इसके बाद टिकट बुक करते हैं तो संबंधित रूट के हिसाब से बढ़ा हुआ फ्यूल सरचार्ज आपके किराये में शामिल होगा।
अकासा एयर का सफर भी महंगा
अकासा एयर 9 अक्टूबर से घरेलू उड़ानों पर फिर से ईंधन अधिभार लागू करेगी, जबकि अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के लिए अधिभार बढ़ाकर 2,500 रुपये कर दिया जाएगा। कंपनी ने बताया कि पश्चिम एशिया में जारी भू-राजनीतिक घटनाक्रम के कारण विमान ईंधन (एटीएफ) की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी हुई है, जिससे परिचालन लागत पर दबाव बढ़ा है। दूरी के आधार पर घरेलू उड़ानों में ईंधन अधिभार 375 रुपये से 1,150 रुपये के बीच होगा।
अकासा एयर ने मार्च में घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर यह अधिभार लागू किया था, लेकिन बाद में घरेलू सेवाओं से इसे हटा दिया गया था। कंपनी के अनुसार, मौजूदा ईंधन कीमतों के प्रभाव को आंशिक रूप से कम करने के लिए यह संतुलित कदम उठाया गया है। अकासा का यह फैसला इंडिगो, एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस द्वारा इसी तरह के ईंधन अधिभार की घोषणाओं के बाद आया है।
