LIC insurance claim: भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) ने शुक्रवार को एक बड़ा फैसला लेते हुए कहा कि उसने एयर इंडिया विमान हादसे के पीड़ितों के लिए बीमा दावा निपटान प्रक्रिया को सरल और तेज कर दिया है। एलआईसी ने यह कदम पीड़ित परिवारों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से उठाया है। एलआईसी ने अपने बयान में कहा कि पॉलिसीधारक की मृत्यु का प्रमाण देने के लिए अब मृत्यु प्रमाण पत्र आवश्यक नहीं होगा। इसके स्थान पर सरकारी रिकॉर्ड, केंद्र/राज्य सरकार या एयरलाइन अधिकारियों द्वारा दिया गया मुआवजा प्रमाण के रूप में मान्य होगा।
एयर इंडिया विमान हादसे के पीड़ितों के लिए बीमा दावा निपटान प्रक्रिया सरल
हर दावेदार तक पहुंचेगी सहायता
एलआईसी ने कहा है कि कंपनी प्रत्येक दावेदार तक पहुंचने और दावों का शीघ्र निपटान सुनिश्चित करने का हर संभव प्रयास करेगी। सहायता के लिए दावेदार अपनी निकटतम एलआईसी शाखा से संपर्क कर सकते हैं या कॉल सेंटर 022-68276827 पर भी कॉल कर सकते हैं।
बजाज आलियांज लाइफ इंश्योरेंस का भी सराहनीय कदम
इस त्रासदी के बाद, बजाज आलियांज लाइफ इंश्योरेंस ने भी पीड़ितों के लिए एक विशेष दावा निपटान डेस्क स्थापित किया है। कंपनी ने कहा कि उन्होंने मृत्यु और विकलांगता से संबंधित दावों की प्राथमिकता से निपटान के लिए एक त्वरित प्रक्रिया लागू की है। इसके तहत न्यूनतम दस्तावेज़ीकरण की आवश्यकता होगी ताकि पीड़ित परिवारों को तत्काल सहायता मिल सके।
