Advit Jewels IPO की 1 जुलाई, 2026 को शेयर बाजार में 37% प्रीमियम के साथ धमाकेदार एंट्री हुई। लेकिन, निवेशकों की यह खुशी कुछ पलों की ही रही, क्योंकि जैसे ही शेयर में ट्रेडिंग शुरू हुई शेयर में लोअर सर्किट लग गया। अद्वित ज्वेल्स आईपीओ (Advit Jewels IPO) को लेकर ग्रे मार्केट में भी जबरदस्त क्रेज था। जयपुर की मशहूर हैंडक्राफ्टेड फाइन ज्वेलरी बनाने वाली इस कंपनी की मजबूत लिस्टिंग की उम्मीद थी। लेकिन, लिस्टिंग के तुरंत बाद लोअर सर्किट लगने से तमाम निवेशकों को झटका लगा है।
मजबूत एंट्री के बाद लोअर सर्किट में लुढ़का शेयर
कितने पर हुई लिस्टिंग?
Advit Jewels Share Price : NSE पर कंपनी का शेयर अपने ₹138 के इश्यू प्राइस के मुकाबले 36.88% के दमदार प्रीमियम के साथ ₹188.90 पर लिस्ट हुआ। वहीं, बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) पर इसकी लिस्टिंग 35.51% बढ़त के साथ ₹187 पर हुई। इस शानदार शुरुआत के तुरंत बाद बाजार में मुनाफावसूली (Profit Booking) देखने को मिली, जिसके कारण शेयर में 5% का लोअर सर्किट लग गया और यह ₹179.46 के भाव पर आ गया। हालांकि, इश्यू प्राइस के लिहाज से देखें, तो अब भी निवेशक घाटे में नहीं हैं। लेकिन, निवेशकों को असली चिंता यह है कि वे लोअर सर्किट की वजह से शेयर बेच नहीं पा रहे हैं।
क्यों लगा लोअर सर्किट?
मार्केट एनालिस्ट मान रहे हैं कि अद्वित ज्वेल्स शेयर की लिस्टिंग के तुरंत बाद लोअर सर्किट किसी फंडामेंटल या बिजनेस से जुड़ी चिंताओं की वजह से नहीं है। बल्कि, यह रिटेल निवेशकों के बीच प्रॉफिट बुकिंग की होड़ का नतीजा है। हालांकि, एक सिरे पर यह बात चिंता खड़ी कर रही है कि निचले स्तर से शेयर में खरीदारी देखने को नहीं मिली है। ऐसे में शेयर प्राइस और नीचे जाने की आशंका बढ़ गई है।
रिटेल निवेशकों को कितना प्रॉफिट हुआ?
अद्वित ज्वेल्स के आईपीओ का प्राइस बैंड ₹130 से ₹138 प्रति शेयर तय किया गया था। इस आईपीओ का एक लॉट 100 शेयरों का था, यानी ऊपरी प्राइस बैंड के हिसाब से निवेशकों को एक लॉट के लिए ₹13,800 का निवेश करना था। जिन निवेशकों को अद्वित ज्वेल्स के शेयर अलॉट हुए थे, लिस्टिंग के समय उनके एक लॉट की वैल्यू बढ़कर ₹18,890 हो गई। इस लिहाज से निवेशकों को प्रति लॉट ₹5,090 का सीधा मुनाफा (लिस्टिंग गेन) मिला। लिस्टिंग के बाद कंपनी का कुल मार्केट कैपिटलाइजेशन (M-cap) ₹822.11 करोड़ पर पहुंच गया है।
212 गुना हुआ था सब्सक्राइब
इस आईपीओ को लेकर निवेशकों में भारी उत्साह देखा गया था और यह कुल 212.63 गुना सब्सक्राइब हुआ था। बीएसई के आंकड़ों के अनुसार, कुल 83.79 लाख शेयरों के ऑफर के मुकाबले कंपनी को 178.16 करोड़ शेयरों के लिए बोलियां प्राप्त हुई थीं। यह आईपीओ पूरी तरह से 1.20 करोड़ नए शेयरों का फ्रेश इश्यू था।
जिसके जरिए कंपनी ने कुल ₹165.6 करोड़ जुटाए हैं।
TIMES NOW Navbharat पर यह भी पढ़ें : CSM Technologies IPO : 14 देशों तक फैला कारोबार, ₹113 का शेयर; SBI Securities ने किया रिव्यू, जानें क्या कहा?
