Credit card tricks: क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल देश में तेजी से बढ़ा है। क्रेडिट कार्ड इस्तेमाल करने वाले में युवाओं की आबादी सबसे आगे है। लेकिन इसका बुरा असर भी हुआ है। क्रेडिट कार्ड के बढ़ते इस्तेमाल ने कर्ज के जाल में फंसाने का भी काम किया है। इतना ही नहीं, क्रेडिट कार्ड ने फिजूलखर्ची को बढ़ावा दिया है। हालांकि, अगर सही से क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल किया जाए तो बचत के साथ कई दूसरे फायदे भी लिए जा सकते हैं। आज हम आपको क्रेडिट कार्ड से बेस्ट फायदे लेने के ट्रिक्स बता रहे हैं। इसका इस्तेमाल कर अच्छी बचत के साथ टेंशन फ्री भी रहेंगे। आइए आपको वो ट्रिक्स बताते हैं जो 90% क्रेडिट कार्ड इस्तेमाल करने वाले नहीं जानते।
क्रेडिट कार्ड
1. बिलिंग साइकिल
क्रेडिट कार्ड इस्तेमाल का एक सबसे नजरअंदाज़ किया जाने वाला पहलू बिलिंग साइकिल है। हर कार्ड की एक स्टेटमेंट डेट होती है। इस तारीख के ठीक बाद किए गए खर्चों पर पेमेंट ड्यू होने से पहले लगभग पूरा इंटरेस्ट-फ्री पीरियड मिलता है, अक्सर 45-50 दिन। हालांकि, स्टेटमेंट डेट से ठीक पहले किए गए खर्चों का पेमेंट मुश्किल से दो हफ्तो में करना पड़ सकता है। उदाहरण के लिए, अगर आपकी स्टेटमेंट डेट महीने की 10 तारीख है, तो 11 तारीख को 50,000 रुपये की खरीदारी करने पर आपको पेमेंट के लिए लगभग 50 दिन मिलते हैं। वहीं खरीदारी 9 तारीख को करने पर आपको मुश्किल से 20 दिन मिलते हैं। बड़े खर्चों को स्टेटमेंट डेट के बाद करने से खर्च नहीं बढ़ता, यह सिर्फ कैश फ्लो को बेहतर बनाता है और स्ट्रेस कम करता है।
2. रिवॉर्ड प्वाइंट का सही इस्तेमाल
एक और आम गलती है खराब रिवॉर्ड प्वाइंट का सही इस्तेमाल नहीं करना है। कई कार्ड खास कैटेगरी जैसे फ्यूल, डाइनिंग, ट्रैवल या ऑनलाइन शॉपिंग पर 2x, 5x या 10x पॉइंट्स जैसे ज्यादा रिवॉर्ड देते हैं। लेकिन यूजर्स अक्सर रूटीन खर्चों को कई कार्ड्स पर बेतरतीब ढंग से बांट देते हैं, जिससे वे इन ज्यादा रिवॉर्ड प्वाइंट पाने से चूक जाते हैं। उदाहरण के लिए, फ्यूल, डाइनिंग या ट्रैवल खर्चों को ऐसे कार्ड का इस्तेमाल करें जो ज्यादा रिवॉर्ड प्वाइंट दे और बचत कराएं। इस तरह आप बिना किसी एक्स्ट्रा खर्च के, एक साल में चुपचाप हजारों एक्स्ट्रा रिवॉर्ड पॉइंट्स जोड़ सकते हैं।
3. कई तरह के चार्ज से बचना
क्रेडिट कार्ड पर कई ऐसे चार्ज हैं जिनसे बचा जा सकता है जो धीरे-धीरे क्रेडिट कार्ड की वैल्यू को कम करते हैं, उदाहरण के लिए, फॉरेन एक्सचेंज मार्क-अप, अक्सर प्रति ट्रांजैक्शन 3-4 प्रतिशत, लेट पेमेंट फीस, जो हजारों रुपये तक हो सकती है। इससे बचने का आसान उपाय हैं पेमेंट रिमाइंडर सेट करना, सब्सक्रिप्शन को ट्रैक करना, और समय-समय पर कार्ड की शर्तों को रिव्यू करना, जो इन लीकेज को पूरी तरह से रोक सकते हैं।
4. पूरा बिल का भुगतान नहीं करना
क्रेडिट कार्ड का सही इस्तेमाल बचत करता है। वहीं गलत तरीके से इस्तेमाल कर्ज का बोझ बढ़ाता है। आज के समय में बहुत सारे यूजर्स कार्ड पूरा बिल चुकाने के बजाय सिर्फ Minimum Due भर देते हैं। बैंक बचे हुए अमाउंट पर 30% से 45% तक सालाना ब्याज वसूलते हैं। ऐसा करने से बचें। ऐसा करने से आप कर्ज के बोझ में फंसते चले जाएंगे।
