Muzaffarnagar RJD Leader Murder: मुजफ्फरपुर में सोमवार की सुबह सनसनीखेज वारदात हुई। रामपुरहरी थाना क्षेत्र के धर्मपुर चौक के पास युवा राजद नेता और धर्मपुर पंचायत युवा राजद अध्यक्ष की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान 35 वर्षीय मंटू साह के तौर पर हुई है। जानकारी के मुताबिक अपराधियों ने उनके सीने में तीन गोलियां दागीं, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। वारदात के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी और तनाव का माहौल बन गया।
मृतक नेता की फाइल फोटो
सुबह घर से दोस्त बुलाकर ले गया था
परिजनों ने बताया कि सुबह मंटू साह को उनका एक दोस्त घर से बुलाने आया था। उसी के साथ वह घर से निकले थे। घटना के बाद परिजनों ने उसी दोस्त पर हत्या में शामिल होने का आरोप लगाया है। हालांकि पुलिस अभी इस दावे की पुष्टि नहीं कर रही है और मामले की कई एंगल से जांच कर रही है।
ग्रामीणों ने चार घंटे तक नहीं उठाया शव
घटना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए और रोष जताते हुए शव उठाने से करीब चार घंटे तक इनकार कर दिया। पुलिस-प्रशासन की समझाइश के बाद स्थिति सामान्य हुई और फॉरेंसिक टीम की मौजूदगी में शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया। पुलिस ने घटनास्थल से तीन खोखे बरामद किए हैं।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
स्थानीय लोगों के अनुसार, अपराधियों और मंटू साह के बीच पहले कहासुनी और हाथापाई हुई थी। इसके बाद अपराधियों ने अंधाधुंध फायरिंग कर दी। मौके पर पहुंची FSL टीम ने कई महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं। साथ ही, आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि अपराधियों की पहचान की जा सके। SSP सुशील कुमार ने बताया कि हत्या के पीछे की वजह अभी साफ नहीं है। पुलिस व्यक्तिगत रंजिश, राजनीतिक दुश्मनी और आपराधिक विवाद समेत कई संभावित एंगल पर जांच कर रही है। जल्द ही मामले का खुलासा करने का दावा भी किया गया है।
