दिवाली का त्योहार खुशियां बांटने का पर्व है और हर साल कई कंपनियां अपने कर्मचारियों को बोनस या गिफ्ट्स देकर जश्न मनाती हैं, लेकिन इस बार हरियाणा की एक कंपनी ने ऐसा तोहफा दिया है, जिसकी चर्चा पूरे देश में हो रही है। पंचकूला स्थित Mits Healthcare ने अपने कर्मचारियों को दिवाली गिफ्ट के रूप में 51 ब्रांड न्यू Kia Sonet SUV कारें दी हैं।
company gifted 51 kia cars to its employees/Photo-Youtube-Rozana Spokesman
कर्मचारियों को मिली नई कारों की चाबी
सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में देखा जा सकता है कि कंपनी के संस्थापक और समाजसेवी एम.के. भाटिया अपने कर्मचारियों को कारों की चाबियां सौंप रहे हैं। मौके पर रंग-बिरंगी Kia Sonet SUVs की एक लंबी कतार दिखाई दे रही है। कुछ गाड़ियां डीलरशिप से कर्मचारियों को सीधे सौंपी गईं, जबकि बाकी की डिलीवरी जल्द ही होने वाली है, हालांकि टाइम्सनाउ नवभारत इस वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।
लगातार दूसरी बार दिया बड़ा गिफ्ट
दिलचस्प बात यह है कि Mits Healthcare ने पिछले साल भी अपने कर्मचारियों को 15 Tata Punch SUVs गिफ्ट में दी थीं। इस बार कंपनी ने उस खुशी को कई गुना बढ़ाते हुए 51 नई SUVs देकर फिर से सुर्खियां बटोरी हैं। कंपनी के मालिक भाटिया ने बताया कि इनमें से कई कर्मचारी लंबे समय से उनके साथ काम कर रहे हैं, जबकि नए कर्मचारियों को भी जल्द उनकी गाड़ियां मिलेंगी।
कंपनी ने दी फुल फाइनेंस सुविधा
ये कारें फाइनेंस पर खरीदी गई हैं, लेकिन कर्मचारियों को इसकी चिंता करने की जरूरत नहीं है। Mits Healthcare ने डाउन पेमेंट खुद किया है और कार की ईएमआई राशि कर्मचारियों के वेतन से तो काटी जाएगी, लेकिन कंपनी ने इसके लिए एक खास व्यवस्था बनाई है।
भाटिया ने बताया कि जैसे ही कर्मचारी अपनी नई कार प्राप्त करेंगे, उनकी सैलरी में ईएमआई राशि के बराबर वेतन वृद्धि की जाएगी, साथ ही हर महीने ₹2,500 का फ्यूल अलाउंस भी दिया जाएगा। इतना ही नहीं, कार इंश्योरेंस की जिम्मेदारी भी कंपनी ने अपने ऊपर ली है यानी कर्मचारियों को वास्तव में कार की कोई लागत नहीं उठानी होगी। इस पूरी योजना की सबसे खास बात यह है कि ये सभी Kia Sonet SUVs कर्मचारियों के अपने नाम पर रजिस्टर की जाएंगी, न कि कंपनी के नाम पर।
