Tata Punch EV Breaks Cover: टाटा मोटर्स ने बिल्कुल नई पंच ईवी से पर्दा हटा लिया है जिसका भारत में बेसब्री से इंतजार किया जा रहा था। ये इलेक्ट्रिक कार टेस्टिंग के दौरान लगातार देखी जाती रही है और अब ये देश में लॉन्च के लिए तैयार है। टाटा पंच कॉम्पैक्ट एसयूवी लॉन्च होते ही भारतीय मार्केट में हिट हुई थी और कंपनी ने हाल में इस कार की 3 लाख यूनिट उत्पादन का आंकड़ा पार कर लिया है। टाटा ने नई इलेक्ट्रिक कार की बुकिंग लेना भी शुरू कर दिया है और अपनी नजदीकी डीलरशिप पर जाकर इसे बुक कर सकते हैं।
टाटा ने नई इलेक्ट्रिक कार की बुकिंग लेना भी शुरू कर दिया है।
एक्टिव प्लेटफॉर्म पर बनी
नई पंच ईवी को टाटा मोटर्स के नए एक्टिव नामक ईवी आर्किटेक्चर पर बनाया गया है। इस प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल कई मॉडल्स में किया जा सकता है, यानी इसी प्लेटफॉर्म पर कई नई गाड़ियां आने वाले समय में लॉन्च की जाएंगी। इस प्लेटफॉर्म पर बनी गाड़ियां 600 किमी तक अधिकतम रेंज के साथ आएंगी। यहां कई ड्राइव लेआउट के अलावा रियर व्हील और ऑल व्हील ड्राइव सिस्टम भी मिलने वाला है। सामान्य मॉडल के मुकाबले टाटा पंच ईवी दिखने में कुछ अलग है।
स्टाइल और डिजाइन
नई टाटा पंच ईवी के साथ पूरे अगले हिस्से को घेरता हुआ एलईडी डीआरएल, दूसरी स्टाइल के एलईडी प्रोजेक्टर लैंप्स और कुछ दिलचस्प हाइलाइट्स दिए गए हैं। कंपनी ने इलेक्ट्रिक कार के साथ 16-इंच डायमंड कट अलॉय व्हील्स दिए हैं, इसके अलावा कार के अगले हिस्से में इंजन की जगह सामान रखने की जगह मिली है। केबिन के मामले में ईंधन वाली पंच के मुकाबले पंच ईवी में बड़े बदलाव किए गए हैं।
फीचर्स और रेंज तगड़े
टाटा पंच ईवी का केबिन आपको बिल्कुल नया सा नजर आएगा, इसमें 10.25-इंच सेंट्रल टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, 10.25-इंच का पूरी तरह डिजिटल इंस्ट्रूमेंट डिस्प्ले, सेगमेंट में पहली बार अगली वेंटिलेटेड सीट्स और इलेक्ट्रॉनिक पार्किंग ब्रेक्स के साथ ऑटो होल्ड, एयर प्यूरिफायर, कॉर्नरिंग फॉग लैंप्स, ऑटो फोल्ड विंग मिरर्स, इलेक्ट्रिक सनरूफ, वायरलेस फोन चार्जिंग और 360 डिग्री कैमरा जैसे फीचर्स मिले हैं। सेफ्टी की बात करें तो 6 एयरबैग्स और इलेक्ट्रॉनिक स्टेबिलिट कंट्रोल जैसे फीचर्स मिले हैं।
दो रेंज के विकल्प मिले
टाटा पंच इलेक्ट्रिक 2 रेंज विकल्पों में पेश की गई है - स्टैंडर्ड और लॉन्ग रेंज। लॉन्च रेंज वर्जन में ये ईवी 400 किमी तक रेंज सिंगल चार्ज में दे सकती है। इसके साथ 7.2 किलोवाट एसी फास्ट चार्जर मिलेगा, वहीं स्टैंडर्ड मॉडल 3.3 किलोवाट वॉल बॉक्स चार्जर के साथ आएगा। इसके अलावा 5 ट्रिम्स - स्मार्ट, स्मार्ट प्लस, एडवेंचर, एंपावर्ड और एंपावर्ड प्लस में इसे पेश किया गया है। माना जा रहा है कि टाटा मोटर्स इस कार की कीमत 13 से 16 लाख रुपये के बीच रखेगी, लेकिन अगर ये 12 लाख से कम कीमत पर लॉन्च हुई तो जोरदार प्रदर्शन करेगी।
