Benefits of CNG fuel: आज के समय में बढ़ती पेट्रोल-डीजल की कीमतों और पर्यावरण प्रदूषण को देखते हुए CNG (Compressed Natural Gas) एक बेहतर ऑप्शन के रूप में उभर रहा है। शहरों में बड़ी संख्या में लोग अब CNG कार खरीदने को प्राथमिकता दे रहे हैं। हालांकि, आपको एक सीएनजी कार क्यों खरीदनी चाहिए यह जानना भी बेहद जरूरी है। इस आर्टिकल में आपको सीएनजी पर स्विच करने के ही कुछ बड़े फायदों को लेकर जानकारी दे रहे हैं-
Benefits of CNG fuel (Photo: iStock)
Benefits of CNG fuel (Photo: iStock)
कम खर्च
सीएनजी पर स्विच करने का सबसे बड़ा फायदा ही कम खर्च है। CNG की कीमत आमतौर पर पेट्रोल और डीजल से काफी कम होती है, जिससे ईंधन पर होने वाला खर्च सीधे तौर पर घट जाता है। यही कारण है कि रोजाना ऑफिस आने-जाने वाले लोग या कैब/ऑटो चलाने वाले ड्राइवर CNG को ज्यादा पसंद करते हैं। अगर आप हर दिन लंबी दूरी तय करते हैं, तो महीने के अंत में आपकी बचत हजारों रुपये तक हो सकती है।
पर्यावरण के लिए बेहतर
सीएनजी पर स्विच करने की एक बड़ी वजह इसका पर्यावरण के लिए बेहतर होना भी है। CNG एक स्वच्छ ईंधन है, जिससे कार्बन मोनोऑक्साइड, नाइट्रोजन ऑक्साइड और अन्य हानिकारक गैसों का उत्सर्जन पेट्रोल और डीजल की तुलना में काफी कम होता है। इससे वायु प्रदूषण घटता है और शहरों में हवा की गुणवत्ता बेहतर बनाने में मदद मिलती है। खास बात यह है कि CNG जलने पर धुआं या काला कार्बन बहुत कम निकलता है, जिससे स्मॉग की समस्या भी कम हो सकती है। इसके अलावा, यह ग्रीनहाउस गैसों के उत्सर्जन को भी कम करने में मदद करता है, जिससे जलवायु परिवर्तन पर नियंत्रण में योगदान मिलता है।
इंजन के लिए बेहतर
CNG का एक और बड़ा फायदा यह है कि यह इंजन के लिए भी बेहतर माना जाता है। CNG में जलने की प्रक्रिया काफी साफ और नियंत्रित होती है, जिससे इंजन के अंदर कार्बन जमा बहुत कम होता है। इसके कारण इंजन के पार्ट्स जल्दी खराब नहीं होते और उनकी लाइफ लंबी बनी रहती है। साथ ही, स्पार्क प्लग, इंजन ऑयल और फिल्टर जैसे हिस्सों पर भी कम असर पड़ता है, जिससे मेंटेनेंस की जरूरत कम होती है। समय-समय पर सर्विस का खर्च भी घट जाता है और इंजन स्मूद तरीके से चलता रहता है।
एक सुरक्षित विकल्प
सुरक्षा के लिहाज से भी CNG को एक अच्छा विकल्प माना जाता है। CNG हवा से हल्की होती है, इसलिए किसी लीक की स्थिति में यह तेजी से ऊपर की ओर फैल जाती है और जमीन पर जमा नहीं होती, जिससे आग लगने का खतरा कम हो जाता है। इसके अलावा, CNG सिलेंडर बेहद मजबूत धातु से बने होते हैं और इन्हें कड़े सुरक्षा मानकों के अनुसार डिजाइन किया जाता है, ताकि उच्च दबाव को आसानी से सहन कर सकें। इनमें सेफ्टी वाल्व और प्रेशर रिलीज सिस्टम जैसे फीचर्स भी होते हैं, जो किसी असामान्य स्थिति में गैस को सुरक्षित तरीके से बाहर निकाल देते हैं।
