Mahindra XUV700 One Lakh Sales: महिंद्रा ने जब से एक्सयूवी700 मार्केट में लॉन्च की है तब से ही इसकी जोरदार डिमांड जारी है। यही वजह है कि महज 20 महीने में ही कंपनी ने इस एसयूवी की 1 लाख यूनिट भारतीय ग्राहकों को बेच दी हैं। बता दें कि पहले 1 साल में महिंद्रा ने 50,000 यूनिट बेचने का आंकड़ा पार किया था और इसके अगले 8 महीने में ही कंपनी ने 50,000 एक्सयूवी700 और बेच डालीं। इस एसयूवी के लिए औसत 5,000 बुकिंग्स कंपनी को हर महीने मिल रही हैं। महिंद्रा ने ये जानकारी भी दी है कि 78,000 ग्राहक अब भी एसयूवी का इंतजार कर रहे हैं।
महिंद्रा ने ये जानकारी भी दी है कि 78,000 ग्राहक अब भी एसयूवी का इंतजार कर रहे हैं।
कार की वेटिंग में आई भारी कमी
लंबी वेटिंग के बाद भी ग्राहक एसयूवी का इंतजार करने को तैयार हैं, लेकिन अब उनके लिए राहत की खबर आई है। महिंद्रा ने एक्सयूवी700 का प्रोडक्शन बढ़ा दिया है जिससे इसकी लंबी वेटिंग में बड़ी कमी दर्ज की गई है। जहां एसयूवी पर करीब 1 महीने पहले 13 महीने की वेटिंग दी जा रही थी, वहीं अब ये वेटिंग घटकर 3-4 महीना रह गई है। हालांकि टॉप मॉडल एएक्स7 और एएक्स7एल पर अब भी 8-9 महीने की वेटिंग दी जा रही है।
कंपनी ने 1 लाख यूनिट बना डालीं
लॉन्च होने के दो साल के भीतर ही नई एक्सयूवी700 ने बड़ा कारनामा कर दिखाया है। इसकी बुकिंग शुरू होते ही नई एक्सयूवी700 सुपरहिट नजर आ रही थी और कुछ समय पहले ही कंपनी ने इसकी 1 लाख यूनिट बेचने का आंकड़ा पार कर लिया है। आज भी एसयूवी की जोरदार डिमांड जारी है और ग्राहकों को लंबी वेटिंग दी जा रही है। शानदार फीचर्स से लैस और दिखने में तगड़ी महिंद्रा एक्सयूवी700 का उत्पादन पुणे के नजदीक चाकन प्लांट में किया जा रहा है। भारत में इसका मुकाबला टाटा सफारी जैसी सेगमेंट की बाकी गाड़ियों से हो रहा है।
जल्द जाएगा एसयूवी का नया वेरिएंट
महिंद्रा एक्सयूवी700 भारी डिमांड में चल रही है और लंबे वेटिंग लिस्ट ग्राहकों को दी जा रही है। अब रिपोर्ट्स में सामने आया है कि महिंद्रा इस एसयूवी का सबसे सस्ता वेरिएंट एमएक्स -ई- लॉन्च करने वाली है जो इस रेंज का बेस वेरिएंट होगा। इस वेरिएंट की जगह एमएक्स और एएक्स3 के बीच की होगी और ये पेट्रोल और डीजल वेरिएंट के बीच की जगह घेरेगा। कंपनी नए वेरिएंट के साथ 2.0-लीटर 4 सिलेंडर टर्बो पेट्रोल इंजन देने वाली है जो 200 बीएचपी ताकत और 380 एनएम पीक टॉर्क बनाता है।
फीचर्स में खामोशी से किए बदलाव
कंपनी 1 अप्रैल 2023 से लागू हो चुके नए ईंधन नियमां - बीएस6 फेज 2 और आरडीई के हिसाब से अपने वाहनों को अपग्रेड कर दिया है। कुछ समय पहले ही महिंद्रा ने खामोशी से ग्राहकों के बीच पॉपुलर एक्सयूवी700 के फीचर्स में कई सारे बदलाव किए हैं। वाहन निर्माता ने इस एसयूवी का ब्रोशर अपडेट किया है जहां पूरे लाइनअप के चुनिंदा वेरिएंट्स में कुछ फीचर्स जोड़े गए हैं, वहीं कुछ फीचर्स इससे हटा लिए गए हैं।
महंगे वेरिएंट्स का क्या है हाल
एसयूवी के एएक्स5 और एएक्स7 वेरिएंट्स के साथ अब एलईडी सिक्वेंशियल इंडिकेटर्स नहीं मिलेंगे, वहीं एएक्स7एल एमटी वेरिएंट से अब अडेप्टिव क्रूज कंट्रोल के साथ स्टॉप एंड गो फंक्शंस हटा लिए गए हैं। एक्सयूवी700 को मिले नए फीचर्स की बात करें तो एएक्स7 और एएक्स7एल के साथ अब क्रमशः क्रूज कंट्रोल और एलईडी सिक्वेंशियल टर्न इंडिकेटर्स मिले हैं। इसके अलावा एएक्स7एल एटी वेरिएंट के साथ अब अडेप्टिव क्रूज कंट्रोल और स्टॉप एंड गो फंक्शन मिला है।
