Maruti Suzuki Fronx ने भारतीय बाजार में अपनी लॉन्चिंग के तीन साल पूरे कर लिए हैं। इस कॉम्पैक्ट क्रॉसओवर ने इन 3 वर्षों में घरेलू बाजार के साथ-साथ विदेशी बाजारों में भी अपनी मजबूत पहचान बनाई है। अप्रैल 2023 में लॉन्च हुई Fronx ने अब एक बड़ा एक्सपोर्ट माइलस्टोन हासिल किया है। कंपनी के मुताबिक, इस SUV ने 38 महीने से भी कम समय में 2 लाख यूनिट के निर्यात का आंकड़ा पार कर लिया है। इसके साथ ही यह भारत से इतनी तेजी से 2 लाख यूनिट एक्सपोर्ट करने वाली पहली SUV बन गई है।
90 देशों में पहुंची Made in India Fronx
Maruti Suzuki Fronx का निर्माण गुजरात स्थित कंपनी के Hansalpur प्लांट में किया जाता है। यहां तैयार होने वाली यह SUV भारत से करीब 90 देशों में एक्सपोर्ट की जा रही है। इनमें जापान जैसे महत्वपूर्ण बाजार भी शामिल हैं।
Fronx ने अपना पहला 1 लाख एक्सपोर्ट का आंकड़ा 25 महीने से भी कम समय में हासिल किया था। इसके बाद दूसरे 1 लाख यूनिट एक्सपोर्ट करने में इसे करीब 13 महीने का ही समय लगा। यानी विदेशों में इस SUV की मांग में तेजी देखने को मिली है।
कंपनी के मुताबिक, FY2026 Fronx के लिए अब तक का सबसे बेहतर वित्त वर्ष रहा। इस दौरान इसकी 1.72 लाख से ज्यादा यूनिट बिकीं। Fronx को खासतौर पर इसके कूपे-SUV डिजाइन, टर्बो पेट्रोल इंजन और बेहतर ईंधन दक्षता के लिए पसंद किया जाता है।
Maruti Suzuki के एक्सपोर्ट में बड़ा योगदान
Maruti Suzuki के Managing Director और CEO Hisashi Takeuchi ने कहा कि कंपनी की हर एक्सपोर्ट की गई कार भारत की मैन्युफैक्चरिंग क्षमता और यहां काम करने वाले लोगों की मेहनत को दुनिया तक पहुंचाती है। उन्होंने बताया कि Fronx कंपनी के एक्सपोर्ट कारोबार में महत्वपूर्ण योगदान दे रही है।
कंपनी के अनुसार, FY2024-25 से Fronx भारत की नंबर-1 एक्सपोर्ट की जाने वाली पैसेंजर व्हीकल रही है। इसके अलावा Maruti Suzuki भारत से पैसेंजर व्हीकल एक्सपोर्ट करने वाली कंपनियों में शीर्ष स्थान पर बनी हुई है।
जल्द मिल सकता है नया Hybrid पावरट्रेन
Fronx को लेकर आने वाले समय में भी बड़े अपडेट देखने को मिल सकते हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, कंपनी आने वाले महीनों में इसका मिड-लाइफ अपडेट पेश कर सकती है। इसके बाद 2027 में इसमें नया स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड पावरट्रेन जोड़े जाने की संभावना है।
खास बात यह होगी कि यह Maruti Suzuki का इन-हाउस डेवलप्ड सीरीज हाइब्रिड पावरट्रेन इस्तेमाल करने वाला पहला मॉडल हो सकता है। इसकी संभावित माइलेज 35kmpl से ज्यादा होने की उम्मीद है।
