New Hyundai Tucson Facelift: ह्यून्दे ने ग्लोबल मार्केट के लिए नई टूसॉन फेसलिफ्ट एसयूवी से पर्दा हटा लिया है जिसे जल्द लॉन्च किया जाएगा। फेसलिफ्ट एसयूवी के एक्सटीरियर में जहां कुछ बदलाव देखने को मिले हैं, वहीं पिछले मॉडल के मुकाबले इसके केबिन को काफी प्रीमियम बनाया गया है। नई ह्यून्दे टूसॉन फेसलिफ्ट को पहले यूरोप और नॉर्थ अमेरिकी बाजार में लॉन्च किया जाएगा, उसके बाद 2024 में कहीं ये भारत लाई जा सकती है। दिखने में ये एसयूवी लगभग पुराने मॉडल जैसी ही है। कंपनी के बीते कुछ लॉन्च पर नजर डालें तो इन्हें बड़े बदलावों के साथ पेश किया गया है, हालांकि नई टूसॉन के साथ ऐसा नहीं हुआ है।
पिछले मॉडल के मुकाबले इसके केबिन को काफी प्रीमियम बनाया गया है।
कितनी बदली एसयूवी
नई ह्यून्दे टूसॉन फेसलिफ्ट के अगले हिस्से में नई डिजाइन की ग्रिल मिली है जो पहले के मुकाबले कुछ पैनी और आकर्षक है। मतलब ये बदले हुए पैरामेट्रिक डायनामिक डिजाइन पर बनी है जो दिखने में बाकी ह्यून्दे कारों जैसी ही है। इसके हेडलैंप क्लस्टर में कोई बदलाव नहीं हुआ है, लेकिन अगली ग्रिल से जुड़े हुए एलईडी डीआरएल में कुछ बदलाव नजर आ रहे हैं। इसके अलावा अगले बंपर पर लगे सेंट्रल एयर इंटेक में भी हल्का बदलाव किया गया है। नई टूसॉन को नए अलॉय व्हील्स मिले हैं। पिछले हिस्से में बंपर और टेललाइट दोनों को बारीक बदलाव मिले हैं।
केबिन कितना बदला
नई ह्यून्दे टूसॉन के केबिन में झांक कर देखें तो यहां कई सारे बदलाव किए गए हैं। तीन स्पोक स्टीयरिंग व्हील और थोड़ बदला हुआ डैशबोर्ड सबसे पहले नजर में आएंगे। डैशबोर्ड पर हल्का मुड़ा हुआ पैनोरमिक डिस्प्ले दिया गया है, यहां 12.3-इंच फुल डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर और 12.3-इंच का टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट डिस्प्ले दिया गया है। बदले हुए स्विचगियर, नई जगह पर एसी वेंट्स, नया सेंटर कंसोल, वायरलेस स्मार्टफोन चार्जिंग, पैडल शिफ्टर्स और कई अन्य नए फीचर्स एसयूवी को दिए हैं। इंजन पुराना वाला ही है और इसमें कोई तकनीक बदलाव नहीं किया गया है।
