Hyundai Grand i10 Nios Facelift: ह्यून्दे ने आधिकारिक रूप से नई ग्रैंड आई10 निओस फेसलिफ्ट से पर्दा हटा लिया है जिसे कई बदलावों और नए फीचर्स के साथ पेश किया गया है. कंपनी ने 11,000 रुपये टोकन अमाउंट के साथ इस किफायती हैचबैक के लिए बुकिंग लेना भी शुरू कर दिया है. ऑटो एक्सपो 2023 में ह्यून्दे इंडिया नई ग्रैंड आई10 निओस फेसलिफ्ट के साथ नई ऑरा कॉम्पैक्ट सेडान को शोकेस करने वाली है. कयास लगाए जा रहे हैं कि इसी ऑटो शो में इन दोनों कारों की कीमत का खुलासा भी किया जाने वाला है.
ऑटो एक्सपो 2023 में ह्यून्दे इंडिया नई ग्रैंड आई10 निओस फेसलिफ्ट के साथ नई ऑरा कॉम्पैक्ट सेडान को शोकेस करने वाली है.
बाहर से कितनी बदली हैचबैक
इस कार के चेहरे में सबसे बड़ा बदलाव इसका नया फ्रंट बंपर है जो बड़े साइज की ग्रिल के साथ आया है और इस ग्रिल को ब्लैक फिनिश दिया गया है. ग्रिल के दोनों ओर नए एलईडी डीआरएल दिए गए हैं जो ट्र्राइ ऐरो पैटर्न के हैं. इसके अलावा 15-इंच के अलॉय व्हील्स भी नए हैं. ग्राहकों को कार के साथ अब नए एलईडी टेललाइट मिलने वाले हैं जो कनेक्टेड लाइट बार के साथ आए हैं. ह्यून्दे ने नई ग्रैंड आई10 निओस 6 रंगों - पोलर व्हाइट, टाइटन ग्रे, टायफून सिल्वर, स्पार्क ग्रीन, टील ब्लू और फायरी रेड में उपलब्ध कराई है.
केबिन और फीचर्स में भी बदलाव
नई ग्रैंड आई10 निओस फेसलिफ्ट के केबिन में भी बड़े बदलाव देखने को मिले हैं जिनमें सीट्स के लिए नई ग्रे अपहोल्स्ट्री, लैदर से ढंका स्टीयरिंग व्हील, फुटवेल के लिए नई लाइटिंग, 8.0-इंच टचस्क्रीन के साथ एंड्रॉइड ऑटो और एप्पल कारप्ले, रियर एसी वेंट्स, ऑटोमैटिक क्लाइमेट कंट्रोल और वायरलेस चार्जर शामिल हैं. ऑटोमैटिक हेडलैंप्स, क्रूज कंट्रोल, टाइप सी चार्जर, क्रूज कंट्रोल और टायर प्रेशर मॉनिटरिंग सिस्टम भी कार के साथ दिया गया है.
इंजन और सेफ्टी फीचर्स पहले जैसे
नई ग्रैंड आई10 निओस को पहले जैसे 1.2-लीटर पेट्रोल और 1.2-लीटर फैक्ट्री फिटेड सीएनजी इंजन विकल्प दिए गए हैं. पेट्रोल इंजन 83 एचपी ताकत और 113.8 एनएम पीक टॉर्क बनाता है, वहीं सीएनजी इंजन की ताकत 69 एचपी और 95.2 एनएम पीक टॉर्क है. सेफ्टी की बात करें तो कार में 4 एयरबैग्स और एबीएस के साथ ईबीडी स्टैंडर्ड हैं, वहीं 6 एयरबैग्स, ईएससी, आइसोफिक्स और डे/नाइट रियरव्यू विकल्प में मिले हैं. भारत में इस कार का मुकाबला टाटा टिआगो और मारुति सुजुकी स्विफ्ट से हो रहा है.
