Tata Motors अपनी लोकप्रिय SUV Nexon को नए रूप में पेश करने की तैयारी कर रही है। कंपनी इसकी अगली जनरेशन पर काम कर रही है, जिसे फिलहाल 'Garud' कोडनेम दिया गया है। उम्मीद है कि नई Nexon को साल 2027 में भारतीय बाजार में उतारा जाएगा। हाल ही में इस SUV को टेस्टिंग के दौरान देखा गया है। सामने आई तस्वीरों से इसके नए डिजाइन, बाहरी लुक और केबिन में होने वाले बदलावों की जानकारी मिली है। माना जा रहा है कि ग्राहकों की जरूरतों और बढ़ते मुकाबले को ध्यान में रखते हुए कंपनी इस बार गाड़ी में कई बड़े अपडेट दे सकती है।
नई जनरेशन Nexon में मौजूदा 1.2 लीटर टर्बो पेट्रोल इंजन जारी रहने की उम्मीद है।
2027 Tata Nexon: कैसा होगा नया एक्सटीरियर?
नई जनरेशन Tata Nexon का मौजूदा मॉडल जैसा आकार बरकरार रह सकता है, लेकिन इसके डिजाइन में कुछ नए बदलाव देखने को मिलेंगे। नई SUV पहले के मुकाबले ज्यादा बॉक्सी लुक के साथ आ सकती है। इसका फ्रंट हिस्सा थोड़ा सीधा और रूफलाइन पहले से ज्यादा सपाट हो सकती है। रूफ के डिजाइन में बदलाव का फायदा पीछे बैठने वाले यात्रियों को मिल सकता है। इससे केबिन में बेहतर हेडरूम मिलने के साथ सामान रखने के लिए भी ज्यादा जगह मिल सकती है।
नई Nexon में क्या-क्या बदलेगा?
टेस्टिंग के दौरान देखी गई SUV पूरी तरह ढकी हुई थी। इस वजह से इसके डिजाइन की पूरी जानकारी सामने नहीं आई है। हालांकि, उम्मीद है कि नई Nexon में फ्रंट ग्रिल और लाइटिंग सेटअप को नए अंदाज में पेश किया जाएगा। स्पाई तस्वीरों के अनुसार, इसमें गोल आकार के व्हील आर्च, टर्न इंडिकेटर वाले ORVMs और पारंपरिक पुल-टाइप डोर हैंडल दिए जा सकते हैं। इन डिजाइन एलिमेंट्स को मौजूदा मॉडल की तरह ही रखा जा सकता है।
नए अलॉय व्हील और अपडेटेड रियर डिजाइन
नई Tata Nexon के टेस्ट मॉडल में अलग डिजाइन वाले अलॉय व्हील देखने को मिले हैं। इनका साइज 17 इंच बताया जा रहा है। इससे पहले सामने आई तस्वीरों में इसके बड़े वेरिएंट को 18 इंच के अलॉय व्हील के साथ भी देखा गया था। SUV के पिछले हिस्से में भी बदलाव होने की उम्मीद है। इसमें नए डिजाइन के टेल लैंप और पहले से अलग बंपर दिया जा सकता है। इन बदलावों से गाड़ी का पिछला लुक ज्यादा आकर्षक हो सकता है।
2027 Tata Nexon का इंटीरियर होगा नया
नई Nexon के केबिन की तस्वीरें अभी पूरी तरह सामने नहीं आई हैं, क्योंकि टेस्टिंग मॉडल को अंदर से भी कवर किया गया था। हालांकि, कुछ फीचर्स की झलक देखने को मिली है। इसमें मौजूदा मॉडल की तरह इल्यूमिनेटेड टू-स्पोक स्टीयरिंग व्हील मिल सकता है। हालांकि, इसके डिजाइन, बटन और कंट्रोल्स में बदलाव होने की संभावना है। इसके अलावा, नई SUV में अपडेटेड डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर और पहले से बड़ी टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट स्क्रीन दी जा सकती है।
मिल सकते हैं कई प्रीमियम फीचर्स
नई Nexon का डैशबोर्ड लेआउट Tata की दूसरी गाड़ियों जैसा हो सकता है, लेकिन इसमें बड़ी स्क्रीन और नया इंटरफेस देखने को मिल सकता है। फीचर्स के मामले में भी कंपनी इस SUV को पहले से ज्यादा बेहतर बना सकती है।
- लेदरेट सीट अपहोल्स्ट्री
- पैनोरमिक सनरूफ
- वेंटिलेटेड फ्रंट सीटें
- एंबिएंट लाइटिंग
- एयर प्यूरीफायर
- बिल्ट-इन DVR
- 360 डिग्री कैमरा
- लेवल-2 ADAS
- 6 एयरबैग
- इलेक्ट्रॉनिक स्टेबिलिटी कंट्रोल (ESC)
- चारों पहियों में डिस्क ब्रेक
- ट्रैक्शन कंट्रोल
हालांकि आपको इस बात का ध्यान रखना होगा कि टाटा की अपकमिंग कार को लेकर फिलहाल अभी लीक्स सामने आई हैं। कंपनी की तरफ से इन फीचर्स को लेकर अभी तक किसी भी तरह का ऑफिशियल ऐलान नहीं किया गया है।
नए ATLAS प्लेटफॉर्म पर तैयार होगी SUV
नई जनरेशन Nexon को Tata Motors के एडवांस ATLAS मॉड्यूलर प्लेटफॉर्म पर तैयार किए जाने की उम्मीद है। इस प्लेटफॉर्म को अलग-अलग आकार की गाड़ियों के लिए विकसित किया गया है। यह करीब 3.7 मीटर से 4.6 मीटर तक लंबाई वाली कारों को सपोर्ट कर सकता है।
इस प्लेटफॉर्म की खास बात यह है कि इस पर पेट्रोल, डीजल, CNG और इलेक्ट्रिक जैसे अलग-अलग पावरट्रेन वाली गाड़ियां तैयार की जा सकती हैं। इससे भविष्य में कंपनी को नए मॉडल और वेरिएंट पेश करने में आसानी होगी।
2027 Tata Nexon के इंजन में क्या होगा खास?
नई जनरेशन Nexon में मौजूदा 1.2 लीटर टर्बो पेट्रोल इंजन जारी रहने की उम्मीद है। यह इंजन 120 PS की पावर और 170 Nm का टॉर्क पैदा करता है। इसके साथ 5-स्पीड मैनुअल, 6-स्पीड AMT और 7-स्पीड DCA गियरबॉक्स के विकल्प मिल सकते हैं। इसके अलावा, CNG वेरिएंट भी जारी रहने की संभावना है।
डीजल इंजन की बात करें तो मौजूदा 1.5 लीटर Revotorq टर्बो-डीजल इंजन की जगह नया Kyrojet टर्बो-डीजल इंजन दिया जा सकता है। इस इंजन का इस्तेमाल Tata Sierra में भी किया जाता है। नई Nexon में इसे अलग ट्यूनिंग के साथ पेश किए जाने की उम्मीद है। इसके साथ 6-स्पीड टॉर्क कन्वर्टर ऑटोमैटिक गियरबॉक्स भी मिल सकता है।
