Agra Crime: गृह क्लेश से परेशान होकर पति-पत्नी ने लगाई फांसी, रस्सी टूटने से बची पत्नी की जान, पति की हुई मौत

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Sep 13, 2022, 11:45 AM IST

Agra Crime News: आगरा में घरेलू झगड़े से परेशान होकर एक किसान दंपत्ति ने फांसी लगी ली, लेकिन इस दौरान पति की मौत हो गई और रस्सी टूटने से पत्नी बच गई। पति और पत्नी ने पेड़ से लटककर फांसी लगाई थी। पीड़ित पत्नी और मृत पति की आपस में बनती नहीं थी।

Agra Crime:  गृह क्लेश से परेशान होकर पति-पत्नी ने लगाई फांसी, रस्सी टूटने से बची पत्नी की जान, पति की हुई मौत
Photo Credit: Representative Image

Agra Crime News: कुछ लोगों के वैवाहिक जीवन में ऐसी चीजें और घटनाएं होने लगती हैं, जिसे वह बर्दाश्त नहीं कर पाते हैं। कभी-कभी हालात ऐसे हो जाते हैं कि लोग परेशान होकर अपनी जान तक गंवा देते हैं। ऐसा ही एक मामला उत्तर प्रदेश के आगरा में सामने आया है, जहां घरेलू मुद्दे से परेशान होकर एक दंपत्ति ने आत्महत्या करने का फैसला किया। पति और पत्नी ने पेड़ से लटककर फांसी लगाई, जिसमें पति की मौत हो गई, लेकिन पत्नी बच गई।

पुलिस ने बताया है कि मृतक की पत्नी का वजन ज्यादा था, जिसके चलते उसकी रस्सी टूट गई और वह बच गई। मामला आगरा से लगभग 50 किलोमीटर दूर फतेहपुर सीकरी के गिलोय गांव का है। घटना का पता तब चला जब रस्सी टूटने के बाद बदहवास हालत में पीड़ित महिला घर की तरफ भागी तो दो पुलिस कर्मियों ने उसे रोक कर पूरी घटना के बारे में जानकारी ली।

हर दिन होता था घर में कलेश 

मृतक की पहचान किसान मान सिंह उर्फ कलुआ और उसकी पीड़ित 50 वर्षीय पत्नी का नाम संता देवी है। मामले पर अछनेरा के सीओ राजीव सिरोही ने कहा है कि, घर में होने वाले हर दिन के कलेश की वजह से पति-पत्नी ने आत्महत्या करने का फैसला किया। किसान दंपत्ति के चार बच्चे हैं, जिनकी शादी हो चुकी है। राजीव सिरोही के मुताबिक पीड़ित पत्नी और मृत पति की आपस में बनती नहीं थी, जिसके चलते घर में कलेश और झगड़े होते रहते थे। 

घर से 300 मीटर की दूर पर लगाई थी फांसी

सीओ ने आगे कहा कि घटना का पता उस वक्त चला जब दो पुलिसकर्मियों को संता देवी बदहाल हालत में मिली। पुलिसकर्मियों ने पहले उसके गले से रस्सी निकाली और एंबुलेंस को फोन कर संता देवी को अस्पताल भेजा। इसके बाद संता देवी द्वारा बताई गई जगह पर पुलिसकर्मी पहुंचे, जहां मान सिंह फांसी के फंदे पर लटका मिला। पुलिस के मुताबिक मान सिंह और संता देवी ने अपने घर से 300 मीटर की दूर पर पेड़ में रस्सी बांधकर फांसी लगाई। फिलहाल पीड़ित संता देवी का अस्पताल में इलाज चल रहा है और पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!