Houthi Rebels Attack: ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों ने शनिवार को यमन की राजधानी सना में संयुक्त राष्ट्र के एक कार्यालय पर हमला किया, हालांकि सभी कर्मचारी सुरक्षित हैं। यमन में संयुक्त राष्ट्र के स्थानीय समन्वयक के प्रवक्ता जीन आलम ने बताया कि हूती विद्रोही सना स्थित संयुक्त राष्ट्र परिसर में घुस गए।
हूती विद्रोही (फाइल फोटो साभार: AP)
क्या है पूरा मामला?
जीन आलम ने बताया कि हूती विद्रोहियों के हमले के समय परिसर में संयुक्त राष्ट्र के 15 अंतरराष्ट्रीय कर्मचारी मौजूद थे, और ‘‘ताजा जानकारी के अनुसार परिसर में मौजूद सभी कर्मचारी सुरक्षित हैं।’’ संयुक्त राष्ट्र के एक अन्य अधिकारी ने नाम उजागर नहीं करने की शर्त पर बताया कि इमारत का संचालन संयुक्त राष्ट्र द्वारा किया जाता है और वहां तैनात कर्मचारी विश्व खाद्य कार्यक्रम और यूनिसेफ सहित संयुक्त राष्ट्र की विभिन्न एजेंसियों से जुड़े हैं।
संयुक्त राष्ट्र के अनुसार, विद्रोहियों ने 31 अगस्त को सना में संयुक्त राष्ट्र के कार्यालयों पर हमला कर 19 कर्मचारियों को पकड़ लिया था, हालांकि बाद में उन्होंने यूनिसेफ कार्यालय के उपनिदेशक को छोड़ दिया था।
