Trump TV : व्हाइट हाउस ने सोमवार को 'ट्रंप टीवी' नाम से एक मीडिया प्लेटफॉर्म लॉन्च किया। इस पर चौबीसों घंटे अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के भाषण और उनके प्रशासन के अपडेट्स प्रसारित किए जाएंगे। इस प्लेटफॉर्म पर दर्शकों को राष्ट्रपति से जुड़े कंटेंट देखने-सुनने को मिलेंगे। व्हाइट हाउस के आधिकारिक X अकाउंट ने इसकी लॉन्चिंग की घोषणा करते हुए कहा, 'यह लाइव है। TRUMP TV अब स्ट्रीमिंग कर रहा है। यह 24/7 उपलब्ध रहेगा और रियल टाइम में अपडेट होगा। इसमें प्रशासन के अहम पुराने पलों, घोषणाओं और ताजा गतिविधियों को एक ही जगह पर दिखाया जाएगा। टीवी पर हर बड़ा पल नहीं दिख पाया है, लेकिन अब उसे यहां देखा जा सकता है।'
ट्रंप ने कुछ मीडिया संस्थानों पर लगाया है बैन।
इस बीच, प्रमुख टेलीविजन नेटवर्क ने व्हाइट हाउस की पूल कवरेज को निलंबित कर दिया है और अब राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के पूल कार्यक्रमों को कवर करने के लिए कैमरा क्रू नहीं भेजेंगे।
लॉन्च के दौरान व्हाइट हाउस ने ट्रंप के पिछले सार्वजनिक कार्यक्रमों और भाषणों के फुटेज प्रसारित किए। इनमें अमेरिका के 47वें राष्ट्रपति के रूप में उनके शपथ ग्रहण समारोह की तस्वीरें भी शामिल थीं। यह लॉन्च ऐसे समय हुआ है, जब ट्रंप प्रशासन और कई प्रमुख समाचार संगठनों के बीच व्हाइट हाउस में प्रेस की पहुंच को लेकर विवाद बढ़ता जा रहा है।
बहिष्कार के अटकलों को खारिज किया
इससे पहले सोमवार को ट्रंप ने CNN, Politico और MS NOW पर लगाए गए प्रतिबंधों का बचाव किया। इन तीनों मीडिया संगठनों ने प्रशासन के उस फैसले को चुनौती देते हुए संघीय अदालत में मुकदमा दायर किया है, जिसके तहत उनके पत्रकारों की पहुंच को रद्द कर दिया गया था। न्यूयॉर्क के मेयर जोहरान ममदानी से मुलाकात के बाद ग्रेसी मेंशन के बाहर पत्रकारों से बात करते हुए ट्रंप ने उन अटकलों को खारिज कर दिया कि मीडिया संगठन उनका बहिष्कार कर सकते हैं।
व्हाइट हाउस की पूल कवरेज का बॉयकॉट
प्रमुख टेलीविजन नेटवर्क ने व्हाइट हाउस की पूल कवरेज को निलंबित कर दिया है और अब राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के पूल कार्यक्रमों को कवर करने के लिए कैमरा क्रू नहीं भेजेंगे। यह फैसला CNN के साथ एकजुटता दिखाने के लिए लिया गया है, क्योंकि ट्रंप ने तीन मीडिया संस्थानों के पत्रकारों को व्हाइट हाउस में प्रवेश देने से इनकार कर दिया था। टेलीविजन पूल में शामिल पांच नेटवर्क ABC, CBS, NBC, Fox News और CNN के इस फैसले का मतलब है कि मीडिया संस्थानों को व्यापक रूप से उपलब्ध कराई जाने वाली टीवी प्रसारण फीड ट्रंप के अधिकांश कार्यक्रमों के लिए उपलब्ध नहीं होगी। बीते दिनों ट्रंप प्रशासन ने अपने एक फैसले में CNN, MS NOW और पॉलिटिको के व्हाइट हाउस में प्रवेश से रोक लगा दी।
मीडिया की जिम्मेदारी निष्पक्ष तरीके से खबरें देना-ट्रंप
ट्रंप ने कहा, 'उन्होंने कहा था कि वे मेरा बहिष्कार करने वाले हैं, लेकिन उन्होंने कभी मेरा बहिष्कार नहीं किया। इसलिए मैं इसे लेकर ज्यादा चिंतित नहीं था। देखिए, कितनी बड़ी संख्या में प्रेस यहां मौजूद है।' ट्रंप ने कहा कि मीडिया की जिम्मेदारी निष्पक्ष तरीके से खबरें देना है। उन्होंने उन मीडिया संस्थानों पर लगाए गए प्रतिबंधों का बचाव किया, जिन पर उन्होंने ऐसी खबरें प्रकाशित करने का आरोप लगाया जिन्हें वे 'फेक न्यूज' कहते हैं।
व्हाइट हाउस ने प्रतिबंधों का बचाव किया
ट्रंप ने कहा, 'मुझे लगता है कि इन मीडिया संस्थानों की जिम्मेदारी है कि वे निष्पक्ष रहें। और अगर वे फेक न्यूज हैं, तो मुझे वास्तव में लगता है कि मेरा दायित्व है कि मैं उन्हें इस बेहद खास जगह में प्रवेश की अनुमति न दूं।' उन्होंने यह बात व्हाइट हाउस का जिक्र करते हुए कही। व्हाइट हाउस ने भी इन प्रतिबंधों का बचाव किया है। प्रशासन का तर्क है कि अमेरिकी संविधान का पहला संशोधन मीडिया को खबरें प्रकाशित करने की स्वतंत्रता देता है, लेकिन किसी विशेष मीडिया संगठन को व्हाइट हाउस परिसर, ब्रीफिंग रूम या राष्ट्रपति के प्रेस पूल में प्रवेश की गारंटी नहीं देता।
