अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कुछ देर पहले ही वेनेजुएला पर यूएस के हमले की पुष्टि की थी। साथ ही ट्रंप ने दावा किया था कि वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो और उनकी पत्नी को अमेरिका ने कब्जे में ले लिया है। अब वेनेजुएला की ओर से भी ये साफ किया गया है कि वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो और उनकी पत्नी की खबर नहीं मिल रही है। वो जिंदा भी या नहीं।
वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो (फोटो- AP)
वेनेजुएला के उपराष्ट्रपति मांग रहीं सबूत
अब सवाल ये है कि जब मादुरो को अमेरिका ने कब्जे में ले लिया है तो फिर वेनेजुएला का शासन चला कौन रहा है, कौन वहां की सरकार का मुखिया हुआ? वेनेजुएला की उपराष्ट्रपति डेल्सी रॉड्रिग्ज ने कहा कि मादुरो, उनकी पत्नी के बारे में कोई जानकारी नहीं हैं, उन्होंने कहा, ‘‘हम उनके जीवित होने का सबूत चाहते हैं’’।
ट्रंप ने क्या दावा किया था?
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शनिवार को दावा किया कि वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को पकड़ लिया गया है और देश से बाहर ले जाया गया है। उन्होंने इस बात की पुष्टि की कि अमेरिकी सेना ने वेनेजुएला और उसके नेता के खिलाफ ‘‘बड़े पैमाने पर हमला’’ किया है। ट्रंप ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा कि अमेरिकी कानून प्रवर्तन एजेंसियों के साथ मिलकर चलाए गए अभियान में मादुरो की पत्नी को भी पकड़ा गया है। उन्होंने कहा कि उनकी शनिवार को बयान जारी करने की योजना है।
चल रही थी तनातनी
यह घटनाक्रम ऐसे समय में हुआ है जब अमेरिकी सेना हाल के दिनों में कथित रूप से मादक पदार्थों की तस्करी करने वाली नौकाओं को निशाना बना रही है। शुक्रवार को वेनेजुएला ने कहा था कि वह मादक पदार्थों की तस्करी से निपटने के लिए अमेरिका के साथ एक समझौते पर बातचीत के लिए तैयार है। वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो ने पहले से रिकॉर्ड किए गए और बृहस्पतिवार को प्रसारित एक साक्षात्कार में कहा था कि अमेरिका वेनेजुएला में सरकार बदलने के लिए दबाव बनाना और उसके विशाल तेल भंडार तक पहुंच हासिल करना चाहता है। उन्होंने कहा था कि दबाव बनाने का यह अभियान अगस्त में कैरिबियाई सागर में बड़े पैमाने पर अमेरिकी सैन्य तैनाती के साथ शुरू हुआ था और कई महीनों से जारी है।
