PoK Polls 2026: पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (PoK) में 10 अगस्त को तीसरे चरण के चुनाव के वास्ते निर्धारित 11 सीट में से सात पर होने वाला मतदान सुरक्षा-व्यवस्था की चिंताओं के मद्देनजर अनिश्चितकाल के लिए टाल दिया गया है।
पीओके में 10 अगस्त को होने वाले अधिकांश मतदान स्थगित (प्रतीकात्मक तस्वीर)
PoK में 45 सीटों पर हो रहे चुनाव
हिंसक विरोध-प्रदर्शनों से प्रभावित चुनाव के पहले और दूसरे चरण का मतदान क्रमशः 27 जुलाई और दो अगस्त को हुआ था तथा तीसरे चरण में सोमवार को पीओके के पुंछ संभाग की 11 सीट के लिए मतदान होना था। पीओके की तथाकथित विधानसभा के लिए कुल 45 सीट पर चुनाव हो रहे हैं।
पीओके के निर्वाचन आयोग ने एक बयान में कहा, ''पुंछ जिले के सात निर्वाचन क्षेत्रों और सुधनति के पल्लंद्री में 10 अगस्त को मतदान नहीं होगा।'' हालांकि, बाग जिले की तीन सीट और हवेली की एक सीट पर मतदान तय कार्यक्रम के अनुसार 10 अगस्त को ही होगा।
निर्वाचन आयोग ने कहा, ''हमें वहां के गृह सचिव की ओर से एक रिपोर्ट मिली है, जिसमें पुंछ जिले और पल्लंद्री जिले के कुछ इलाकों में कानून-व्यवस्था की स्थिति को लेकर चिंता जताई गई है। इन सीट पर मतदान की अगली तारीख बाद में घोषित की जाएगी।"
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: ईरान के सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई की कैसी है तबियत? इजरायली रिपोर्ट से मची हलचल, अस्पताल ले जाने का किया दावा
निर्वाचन आयोग ने कहा कि उसे इन जिलों के कुछ राजनीतिक नेताओं और उम्मीदवारों से अनुरोध मिले हैं, जिनमें मौजूदा हालात को देखते हुए पुंछ और पल्लंद्री जिलों में चुनाव टालने की मांग की गई है। आयोग के बयान में कहा गया, ''हम हालात की समीक्षा करने और सभी जरूरी बातों पर विचार के बाद पुंछ और पल्लंद्री के लिए मतदान की नयी तारीखों और चुनाव के संशोधित कार्यक्रम की घोषणा करेंगे।''
पाकिस्तान का गैर-कानूनी और जबरन कब्जा
भारत का कहना है कि जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के पूरे केंद्र शासित प्रदेश उसके अभिन्न और अविभाज्य हिस्से हैं। नई दिल्ली का यह भी कहना है कि पाकिस्तान ने इन केंद्र-शासित प्रदेशों के कुछ हिस्सों पर "गैर-कानूनी और जबरन कब्जा" कर रखा है। भारत ने पीओके में तथाकथित स्थानीय निकाय चुनावों को मंगलवार को ''पूरी तरह से दिखावा'' बताया था और कहा था कि ऐसी "खोखली" कवायदें उस इलाके की जमीनी हकीकत को छिपा नहीं सकती हैं।
सनद रहे कि पीओके पिछले कुछ समय से सुलग रहा है और वहां के लोग पाकिस्तान द्वारा किए जा रहे अत्याचार के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद कर रहे हैं। साथ ही 'आजादी' की मांग कर रहे हैं। सोशल मीडिया पर लगातार पीओके के वीडियो सामने आ रहे हैं।
