Venezuela Crisis: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शनिवार को दावा किया कि जब तक सत्ता का सुरक्षित हस्तांतरण नहीं हो जाता, तब तक वेनेजुएला का प्रशासन अमेरिका संभालेगा। दरअसल, अमेरिका ने वेनेजुएला पर भीषण हमला करने के बाद राष्ट्रपति निकोलस मादुरो और उनकी पत्नी को पकड़ लिया और देश से बाहर ले गया।
ट्रंप ने कहा कि सत्ता हस्तांतरण होने तक अमेरिका वेनेजुएला का प्रशासन चलाएगा। उन्होंने दावा किया कि अमेरिकी उपस्थिति पहले से ही स्थापित है, हालांकि इस बात के तत्काल कोई संकेत नहीं थे कि अमेरिका देश चला रहा है। ट्रंप ने कहा, ''हम लातिन अमेरिकी देश की बागडोर तबतक संभालेंगे जब तक हम एक सुरक्षित, उचित और विवेकपूर्ण सत्ता हस्तांतरण नहीं कर लेते।'' ट्रंप ने दावा किया कि विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने वेनेजुएला के उपराष्ट्रपति से उस देश को 'फिर से महान बनाने' के बारे में बात की है।
अमेरिका में ही घिरे ट्रंप
न्यूयॉर्क की राज्यपाल कैथी होकुल ने वेनेजुएला में ट्रंप के उठाए कदमों की आलोचना की। उन्होंने कहा कि आज सुबह मुझे राष्ट्रपति निकोलस मादुरो के साथ वेनेजुएला में हालिया घटनाओं के बारे में जानकारी दी गई, जब राष्ट्रपति ट्रंप ने कांग्रेस की मंजूरी लिए बिना शक्ति का खुलेआम गलत इस्तेमाल किया।
उन्होंने कहा कि न्यूयॉर्क में वेनेजुएला के लोगों की एक बड़ी कम्युनिटी रहती है, और मैं यहां और विदेश में रहने वाले परिवारों के साथ खड़ी हूं, ताकि उनका भविष्य सुरक्षित और स्थिर हो। हालांकि, इस समय न्यूयॉर्क के लिए कोई गंभीर खतरा नहीं है। फिर भी स्टेट पुलिस और कानून प्रवर्तन एजेंसियां मिलकर स्थिति पर नजर रख रही हैं और न्यूयॉर्कवासियों की सुरक्षा सुनिश्चित कर रही हैं।
भारत ने जारी कि एडवाइजरी
भारतीय विदेश मंत्रालय ने भारतीय नागरिकों के लिए एक ट्रैवल एडवाइजरी जारी की। विदेश मंत्रालय ने कहा कि भारतीय नागरिकों को वेनेजुएला की सभी गैर-जरूरी यात्राओं से परहेज करने की सख्त सलाह दी जाती है। वेनेजुएला में मौजूद सभी भारतीयों को अत्यधिक सावधानी बरतने और आवाजाही सीमित करने की सलाह दी जाती है।
दूतावास के संपर्क में रहें भारतीय
विदेश मंत्रालय ने वेनेजुएला में मौजूद भारतीयों को दूतावास के संपर्क में रहने की सलाह दी।
अमेरिकी अधिकारियों के अनुसार, मादुरो को न्यूयॉर्क ले जाया जा रहा है, जहां उन्हें मादक पदार्थ तस्करी से जुड़े गिरोहों को समर्थन देने के आरोपों में मुकदमे का सामना करना होगा।
