Indian Man Beheading by Cuban Migrant: टेक्सास में एक भारतीय मूल के मोटल मैनेजर की उसकी पत्नी और बेटे के सामने एक क्यूबाई व्यक्ति द्वारा सिर कलम कर हत्या कर दी गई। अब जहां इसके कुछ दिनों बाद राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का एक बड़ा बयान सामने आया है। उन्होंने कहा कि अमेरिका अब अवैध प्रवासियों के प्रति नरम रवैया नहीं अपनाएगा। उन्होंने इसके लिए पिछली सरकार की नाकामियों को जिम्मेदार ठहराया।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अवैध प्रवासियों को लेकर दिया बड़ा बयान (Photo- AP)
ट्रंप बोले- उन्हें चंद्र नागमल्लैया की हत्या की जानकारी
ट्रुथ सोशल पर ट्रंप ने लिखा कि उन्हें 'डलास, टेक्सास के एक सम्मानित व्यक्ति चंद्र नागमल्लैया की हत्या की भयावह खबरों की जानकारी है, जिनकी उनकी पत्नी और बेटे के सामने, क्यूबा से आए एक अवैध विदेशी ने बेरहमी से सिर कलम कर हत्या कर दी, जिसे हमारे देश में कभी होना ही नहीं चाहिए था।'
हत्यारे को लेकर ट्रंप ने कही ये बात
ट्रंप ने पूर्व राष्ट्रपति जो बाइडन पर आव्रजन प्रवर्तन को ठीक से न संभालने का भी आरोप लगाया। राष्ट्रपति ने कहा, 'इस व्यक्ति को पहले भी बाल यौन शोषण, बड़ी कार चोरी और झूठे कारावास जैसे जघन्य अपराधों के लिए गिरफ्तार किया गया था, लेकिन अक्षम जो बाइडेन के कार्यकाल में उसे हमारी मातृभूमि में वापस रिहा कर दिया गया क्योंकि क्यूबा अपने देश में ऐसे दुष्ट व्यक्ति को नहीं चाहता था।'
उन्होंने कहा, 'निश्चिंत रहें, इन अवैध अप्रवासी अपराधियों के प्रति नरम रुख अपनाने का समय अब खत्म हो चुका है!' उन्होंने होमलैंड सुरक्षा सचिव क्रिस्टी नोएम, अटॉर्नी जनरल पाम बोंडी और सीमा सुरक्षा अधिकारी टॉम होमन की 'अमेरिका को फिर से सुरक्षित बनाने में अविश्वसनीय काम करने' के लिए प्रशंसा की।
ट्रंप ने कहा कि संदिग्ध हिरासत में है और उस पर कानून के तहत सख्त मुकदमा चलाया जाएगा और उस पर प्रथम श्रेणी की हत्या का आरोप लगाया जाएगा।
डलास में क्या हुआ था?
पुलिस ने बताया कि 12 सितंबर को डलास के एक मोटल में टूटी हुई वाशिंग मशीन को लेकर हुआ विवाद एक क्रूर हत्या में बदल गया। अधिकारियों ने सैमुएल बुलेवार्ड स्थित डाउनटाउन सूट्स मोटल के मैनेजर, 50 वर्षीय नागमल्लैया की हत्या के मामले में 37 वर्षीय योर्डानिस कोबोस-मार्टिनेज को गिरफ्तार किया है। दोनों ही मोटल में कर्मचारी थे।
