रूस-यूक्रेन युद्ध खत्म कराने की कोशिशों को झटका, बातचीत में नहीं निकला कोई ठोस रास्ता

अबू धाबी में अमेरिका की मध्यस्थता में रूस और यूक्रेन के बीच दो दिवसीय वार्ता बिना किसी बड़े नतीजे के खत्म हुई। यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की ने रूसी कब्जे वाले क्षेत्र छोड़ने से इनकार किया है।

रूस और यूक्रेन के बीच करीब 5 साल से चल रहे युद्ध को समाप्त करने के लिए अमेरिकी मध्यस्थता में हुई दो दिवसीय उच्चस्तरीय वार्ता बिना किसी बड़े राजनीतिक समझौते के समाप्त हो गई है। संयुक्त अरब अमीरात की राजधानी अबू धाबी में हुई इस बैठक में दोनों पक्षों के बीच शांति समझौते को लेकर फासले अब भी बरकरार हैं, हालांकि सबसे बड़ी राहत यह रही कि दोनों देश कैदियों के बड़े पैमाने पर अदला-बदली (POW Exchange) के लिए सहमत हो गए हैं।

Russia Ukraine talk

अबू धाबी में रूस-यूक्रेन की दो दिवसीय वार्ता खत्म

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दामाद और मध्यस्थता टीम का हिस्सा रहे जेरेड कुशनर ने अबू धाबी वार्ता के बाद बताया कि इस बैठक का सबसे सकारात्मक पहलू यह रहा कि दोनों पक्ष अब तक के सबसे बड़े मानवीय कैदियों के आदान-प्रदान के लिए तैयार हो गए हैं, जिसके आंकड़ों को जल्द अंतिम रूप दिया जाएगा। रूसी प्रतिनिधिमंडल के प्रमुख व्लादिमीर मेडिंस्की और यूक्रेनी प्रतिनिधि रुस्तेम उमेरोव ने भी इस योजना की पुष्टि की है। रूसी अधिकारी अलेक्जेंडर जोरिन के मुताबिक, कैदियों की अदला-बदली अगले दो से तीन सप्ताह में हो सकती है। इसके तहत दोनों देशों के बड़ी संख्या में युद्धबंदियों की रिहाई की उम्मीद है।

End of Feed