US-Iran Deal: अमेरिका और ईरान के बीच युद्ध खत्म करने को लेकर 'मेमोरेंडम ऑफ अंडरस्टैंडिंग' (MoU) पर बनी सहमति के बाद इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू (Benjamin Netanyahu) विपक्ष के निशाने पर आ गए हैं। विपक्ष का कहना है कि 'ईरान के मोर्चे पर नेतन्याहू जंग हार चुके हैं। यह नेतन्याहू की अब तक की सबसे बड़ी कूटनीतिक पराजय है। कूटनीतिक मोर्चे पर ऐसी नाकामी इजराइल (Israel) को कभी नहीं मिली।' टाइम्स ऑफ इजराइल की रिपोर्ट के मुताबिक इजराइल के रक्षा मंत्री इजराइल काट्ज (Israel Katz) का कहना है कि अमेरिका और इजराइल के बची भले ही 'डील' हो गई है लेकिन उनका देश इस करार को मानने के लिए बाध्य नहीं है।
यूएस-ईरान डील पर विपक्ष के निशाने पर हैं नेतन्याहू। तस्वीर-AI
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें- ईरान कभी न्यूक्लियर हथियार नहीं रखेगा, तेहरान को 300Mn डॉलर देने की बात 'फर्जी', MoU पर हस्ताक्षर के बाद बोले ट्रंप
यह करार इजराइल के लिए बुरा-वित्त मंत्री
यही नहीं, नेतन्याहू की सरकार के मंत्रियों को भी यह 'डील' पसंद नहीं आई है। धुर-दक्षिणपंथी वित्त मंत्री बेजालेल मोट्रिच ने कहा कि 'यह करार इजराइल और पूरी आजाद दुनिया के लिए बुरा है।' यूएस-ईरान डील पर इजराइल ने एक तरह से अपना स्टैंड कर स्पष्ट कर दिया है। रक्षा मंत्री काट्ज ने सोमवार को कहा कि आईडीएफ दक्षिणी लेबनान में बनी रहेगी और ईरान ने यदि हमले किए तो वह 'पूरी क्षमता से जवाब देंगे।' काट्ज ने कहा कि इस डील के बाद भी इजराइल किसी भी तरह के दबाव का प्रतिरोध करेगा। चाहे वह लेबनान में हमले रोकने को लेकर किया गया वादा क्यों न हो?
'नेतन्याहू इस युद्ध को हार चुके हैं'
रिपोर्ट के मुताबिक इस डील पर विपक्ष के नेता येर लेपिड ने कहा कि 'नेतन्याहू इस युद्ध को हार चुके हैं। ईरान के मोर्चे पर नेतन्याहू को जिस तरह की कूटनीतिक नाकामी मिली है ऐसी असफलता इजराइल को कभी नहीं मिली।' नेतन्याहू पर आरोप लगाते हुए लेपिड ने कहा कि 'यह मानने के लिए समय आ गया है कि नेतन्याहू अब इसे आगे नहीं ले जा सकते। अमेरिका का राष्ट्रपति खुले तैर पर इजराइल के प्रधानमंत्री से कह रहा है कि देखो, मैं तुम्हारा बॉस हूं और तुम वही करोगे जो करने के लिए तुम्हे कहा जाए।'
लेपिड ने आगे कहा, 'एक देश के रूप में इजराइल ने यह युद्ध जीता है लेकिन नेतन्याहू जंग हार चुके हैं। इजराइल के रक्षा बलों ने अपना मिशन पूरा किया।'
ईरान के पास कभी भी परमाणु हथियार नहीं होंगे-नेतन्याहू
ईरान-अमेरिका के बीच समझौते इजरायल ने साफ कहा है कि ईरान के पास कभी भी परमाणु हथियार नहीं होंगे, भले ही कोई समझौता हो या न हो। इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा कि दशकों से मैं ईरान के परमाणु हथियार हासिल करने के प्रयासों का विरोध कर रहा हूं। मैं इसे अपने जीवन का मिशन मानता हूं। मैंने अब तक इसे कायम रखा है और भविष्य में भी इसे कायम रखूंगा। समझौते के साथ हो या बिना समझौते के, ईरान के पास परमाणु हथियार नहीं होंगे। न आज, न कल। जब तक मैं इजरायल का प्रधानमंत्री हूं, ऐसा नहीं होने दूंगा।
दक्षिणी लेबनान में तनातनी जारी
वहीं, इजरायली सेना ने कहा कि सोमवार को दक्षिणी लेबनान में तैनात उसके सैनिकों पर रॉकेट, एक टैंक रोधी मिसाइल और मोर्टार के गोले दागे गए। एक बयान में सेना ने कहा कि हिजबुल्लाह द्वारा दागे गए कई रॉकेटों को इजरायली वायु सेना ने रोक दिया और स्थापित प्रक्रियाओं के अनुसार कोई चेतावनी सायरन सक्रिय नहीं किया गया। उसने यह भी कहा कि दिन में पहले इजरायली सैनिकों पर एक टैंक रोधी मिसाइल और कई मोर्टार गोले दागे गए, लेकिन किसी के घायल होने की सूचना नहीं मिली।
