करीब चार साल से जारी रूस और यूक्रेन की जंग थमने का नाम नहीं ले रही है। अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप दोनों देशों के बीच शांति स्थापित करने के प्रयासों में लगे हैं, लेकिन यूक्रेन है कि उनके प्रस्ताव पर सहमत नहीं है। यूक्रेनी राष्ट्रपति जेलेंस्की का कहना है कि वे अपनी जमीन का थोड़ा हिस्सा भी नहीं देंगे। इस बीच, यूक्रेनी सेना ने रूसी धरती पर सिलसिलेवार हमले किए हैं। यूक्रेन ने रूस के एक तेल टर्मिनल, एक पाइपलाइन, दो खड़े हुए जेट लड़ाकू विमानों और दो जहाजों को निशाना बनाया है।
रूस-यूक्रेन जंग।
यूक्रेन के जनरल स्टाफ ने सोमवार को एक बयान जारी कर इसकी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि यूक्रेनी सेना ने रूसी क्षेत्र और रूस के कब्जे वाले यूक्रेनी क्षेत्र के भीतर स्थित तमननेफ्तेगाज तेल टर्मिनल, एक आयुध डिपो और हमलावर ड्रोन के प्रक्षेपण स्थल पर हमला किया। बयान में बताया गया है कि इस हमले में दक्षिणी क्रास्नोडार क्षेत्र में एक पाइपलाइन, दो डॉक और दो जहाज क्षतिग्रस्त हो गए और भीषण आग लग गई। हालांकि यूक्रेन ने यह नहीं बताया है कि हमले में किस तरह के हथियारों का इस्तेमाल किया गया था।
यूक्रेन की सैन्य खुफिया जानकारी के अनुसार, रविवार शाम को पश्चिमी रूस के शहर लिपेत्स्क के पास एक अड्डे पर एक ऑपरेशन में यूक्रेनी पक्ष ने दो रूसी जेट लड़ाकू विमानों में आग लगा दी। वहीं, रूसी रक्षा मंत्रालय ने बताया कि उसने रात में 41 यूक्रेनी ड्रोन को मार गिराया है।
कार बम विस्फोट में शीर्ष रूसी जनरल की हत्या
वहीं, रूस की राजधानी मॉस्को में आज सुबह दक्षिणी क्षेत्र में एक कार के नीचे लगाए गए बम में जोरदार धमाका हो गया। इस हमले में रूस के वरिष्ठ सैन्य अधिकारी लेफ्टिनेंट जनरल फानिल सरवारोव की गंभीर रूप से घायल होने के बाद मौत हो गई। लेफ्टिनेंट जनरल सरवारोव रूस के सशस्त्र बलों के जनरल स्टाफ के ऑपरेशनल ट्रेनिंग निदेशालय के प्रमुख थे। धमाके के तुरंत बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया, लेकिन गंभीर चोटों के कारण उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।
यूक्रेन के हाथ होने की आशंका
जांच एजेंसियों ने मामले की उच्चस्तरीय जांच शुरू कर दी है। पेत्रेंको ने बताया कि जांचकर्ता इस हत्या के पीछे की संभावित साजिश और उसके मास्टरमाइंड की तलाश में कई कोणों से जांच कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जिन पहलुओं की जांच की जा रही है, उनमें यह संभावना भी शामिल है कि इस हमले की योजना यूक्रेन की खुफिया एजेंसियों द्वारा बनाई गई हो सकती है।
