Newfoundland Plane Crash: कनाडा के न्यूफाउंडलैंड में एक प्लेन क्रैश में दो लोगों की मौत होने की खबर है। इस हादसे में एक भारतीय नागरिक की मौत होने की बात सामने आई है। यह हादसा किन परिस्थितियों में हुआ इसकी जांच की जा रही है। आरसीएमपी ने कहा कि पश्चिमी न्यूफाउंडलैंड इलाके में इस सप्ताह के अंत में हुए विमान हादसे में दो लोगों की मौत हुई। X पर अपने एक पोस्ट में इंडियन टोरंटो ने कहा कि 'गहरे दुख के साथ, हम गौतम संतोष के दुखद निधन पर शोक व्यक्त करते हैं। वह एक भारतीय नागरिक थे, जिन्होंने न्यूफाउंडलैंड के डियर लेक के पास एक वाणिज्यिक सर्वेक्षण विमान दुर्घटना में अपनी जान गंवाई।
कनाडा में विमान हादसा। प्रतीकात्मक तस्वीर, फाइल फोटो, AP
टेकऑफ के तुरंत बाद हुई दुर्घटना
आरसीएमपी का कहना है कि पश्चिम न्यूफ़ाउंडलैंड में सप्ताहांत के दौरान एक विमान दुर्घटना में दो लोगों की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, विमान में एक 54 वर्षीय पायलट और एक 27 वर्षीय यात्री सवार थे। यह दुर्घटना शनिवार शाम करीब 5:30 बजे टेकऑफ के तुरंत बाद हुई थी। पुलिस का कहना है कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
किसिक एरियल के मालिक ने दुख जताया
सेफ्टी बोर्ड के अनुसार, किसिक एरियल सर्वे इनकॉर्पोरेटेड के नाम पंजीकृत एक पाइपर पीए-31 नवाजो विमान डियर लेक रीजनल एयरपोर्ट से लगभग एक किलोमीटर दक्षिण में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। किसिक एरियल के मालिक एंड्रयू नेस्मिथ ने एक बयान जारी कर कहा कि कंपनी इस नुकसान से बेहद व्यथित है और उनके विचार व संवेदनाएं पीड़ितों के परिवारों के साथ हैं।
