US Iran Peace Deal: अमेरिका और ईरान के बीच लगातार तनाव बढ़ता जा रहा है। इस बीच, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ऐसे संकेत दिए हैं कि रविवार तक बड़ा फैसला लिया जा सकता है। ट्रंप ने कहा कि फिलहाल स्थिति '50-50' की है।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप
नए प्रस्ताव को लेकर मंथन कर रहे ट्रंप
रिपोर्ट्स के मुताबिक, ट्रंप ने संकेत दिए हैं कि वह रविवार तक यह फैसला ले सकते हैं कि ईरान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई दोबारा शुरू की जाए या फिर समझौते के रास्ते पर आगे बढ़ा जाए। अमेरिकी मीडिया रिपोर्ट Axios के मुताबिक, ट्रंप ने कहा कि वह ईरान की ओर से आए नए प्रस्ताव पर अपने वार्ताकारों के साथ चर्चा कर रहे हैं।
ट्रंप ने कहा कि फिलहाल स्थिति '50-50' की है। अमेरिका या तो ईरान के साथ 'अच्छा समझौता' करेगा या फिर उस पर पहले से भी ज्यादा कड़ी कार्रवाई करेगा। उन्होंने कहा, ''दो ही विकल्प हैं।''
बैठक में क्या वेंस होंगे शामिल?
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, ट्रंप विशेष दूत स्टीव विटऑफ (Steve Witkoff) और अपने दामाद जेरेड कुशनर (Jared Kushner) के साथ बैठक करेंगे। वहीं, अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस भी ओडायो से वॉशिंगटन लौट सकते हैं और इस बैठक में शामिल हो सकते हैं।
ईरान ने तैयार किया समझौते का ड्रॉफ्ट
अल जजीरा की रिपोर्ट के मुताबिक, एक ईरानी अधिकारी ने बताया कि तेहरान ने पाकिस्तानी मध्यस्थों के साथ एक मसौदा समझौते पर सहमति बना ली है और अब वह अमेरिका के जवाब का इंतजार कर रहा है। इस प्रस्ताव में युद्ध की समाप्ति, नाकेबंदी हटाना, होर्मुज को पुन: खोलना और संघर्ष क्षेत्र से अमेरिकी सेनाओं को वापस बुलाना शामिल है।
उन्होंने बताया कि इस मसौदा समझौते में परमाणु मुद्दों को शामिल नहीं किया गया है। उन्होंने बताया कि परमाणु मुद्दों को फिलहाल इस प्रस्ताव से बाहर रखा गया और उन पर 30 दिनों के बाद चर्चा की जा सकती है। साथ ही ईरान ने एक बात साफ कर दी है कि अब वह और कोई रियायत नहीं दे सकता है।
