US Iran Ceasefire: अमेरिका ईरान के बीच आखिरकार सीजफायर हो चुका है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान पर आज रात (बुधवार रात) होने वाले भीषण हमलों को फिलहाल स्थगित करने का फैसला किया है। ट्रंप ने घोषणा की है कि अमेरिका और ईरान के बीच दो सप्ताह का द्विपक्षीय युद्धविराम (Double-sided Ceasefire) लागू होगा।
US Iran War: ट्रंप ने सीजफायर का किया एलान।
राष्ट्रपति ट्रंप ने बताया कि यह फैसला पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और फील्ड मार्शल आसिम मुनीर के साथ हुई बातचीत के बाद लिया गया है। पाकिस्तानी नेतृत्व ने अमेरिका से ईरान पर होने वाले विनाशकारी हमलों को रोकने का अनुरोध किया था, जिसे ट्रम्प ने स्वीकार कर लिया।
युद्धविराम की सबसे बड़ी शर्त: होर्मुज का खुलना
यह युद्धविराम एक महत्वपूर्ण शर्त पर आधारित है। राष्ट्रपति ट्रंप ने स्पष्ट किया है कि ईरान को 'स्ट्रेट ऑफ होर्मुज' (Strait of Hormuz) को पूरी तरह, तत्काल और सुरक्षित रूप से जहाजों की आवाजाही के लिए खोलना होगा। ट्रंप ने दावा किया कि अमेरिका ने अपने सभी सैन्य उद्देश्यों को न केवल हासिल किया है, बल्कि उससे कहीं अधिक सफलता पाई है।
बता दें कि ईरान ने शांति के लिए एक 10 सूत्रीय प्रस्ताव भेजा है, जिसे ट्रंप ने बातचीत का एक व्यावहारिक आधार माना है। ट्रंप के अनुसार, अमेरिका और ईरान के बीच विवाद के लगभग सभी पुराने मुद्दों पर सहमति बन चुकी है। यह दो सप्ताह का समय समझौते को अंतिम रूप देने और उसे लागू करने के लिए दिया गया है।
ट्रंप ने सीजफायर का किया एलान। trump truth social
ट्रंप ने पोस्ट में क्या-क्या कहा?
ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा कि पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और फील्ड मार्शल आसिम मुनीर के साथ हुई बातचीत के आधार पर, जिसमें उन्होंने मुझसे आज रात ईरान पर भेजे जा रहे विनाशकारी बल को रोकने का अनुरोध किया था, और इस शर्त पर कि ईरान होर्मुज जलडमरूमध्य को पूरी तरह, तुरंत और सुरक्षित रूप से खोलने पर सहमत हो जाए, मैं दो सप्ताह की अवधि के लिए ईरान पर बमबारी और हमले को स्थगित करने पर सहमत हूं।
यह दोतरफा युद्धविराम होगा: ट्रंप
उन्होंने आगे कहा कि यह दोतरफा युद्धविराम होगा। ऐसा करने का कारण यह है कि हम पहले ही सभी सैन्य उद्देश्यों को प्राप्त कर चुके हैं और उनसे आगे भी बढ़ चुके हैं, और ईरान के साथ दीर्घकालिक शांति और मध्य पूर्व में शांति से संबंधित एक निर्णायक समझौते की दिशा में काफी आगे बढ़ चुके हैं।
ईरान ने भी युद्धविराम पर लगाई मुहर
ईरान की सरकारी मीडिया ने भी सीजफायर की पुष्टि कर दी है। वहीं, ईरान के विदेश मंत्री ने कहा है कि अगले दो हफ्तों तक ईरानी सैन्य प्रबंधन के तहत होर्मुज जलडमरूमध्य से आवागमन की अनुमति दी जाएगी। हालांकि, ईरान ने कहा कि युद्धविराम का मतलब युद्ध की समाप्ति नहीं है। हमारे हाथ अभी भी तैयार हैं, और यदि दुश्मन से जरा सी भी गलती हुई, तो उसका पूरी ताकत से जवाब दिया जाएगा।
