Poland School Attack: यूरोपीय देश पोलैंड में लगातार हो रहे स्कूल हमलों ने पूरी दुनिया को झकझोर कर रख दिया है। एक ही हफ्ते के अंदर शनिवार को तीसरे स्कूल हमले की खबर सामने आई, जिसने देश की सुरक्षा व्यवस्था और माता-पिता की चिंता बढ़ा दी है। ताज़ा मामला राजधानी वारसॉ का है, जहां एक 21 वर्षीय युवती ने एक शैक्षणिक संस्थान के भीतर तीन लोगों पर हमला कर दिया।
पोलैंड में लगातार हमलों से मचा हड़कंप
एपी के मुताबिक वारसॉ पुलिस के प्रवक्ता याकुब फिलिपियाक के अनुसार, हमलावर युवती ने किसी 'खतरनाक वस्तु' से 17 साल की एक लड़की पर हमला किया। इस दौरान बीच-बचाव और अफरा-तफरी में 17 और 24 साल के दो अन्य लोग भी घायल हो गए। गनीमत यह रही कि तीनों घायलों की जान खतरे से बाहर है और पुलिस ने तुरंत स्थिति पर काबू पा लिया।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें: 9/11 से प्रेरित ओमान के को-पायलट की खतरनाक साजिश! इजरायल के एयरपोर्ट को उड़ाने का था प्लान, UAE का बड़ा खुलासा
अब तक 50 हजार स्कूलों की जांच
इस तीसरे हमले से ठीक पहले शनिवार को पुलिस ने बताया था कि उन्होंने किसी भी बड़ी अनहोनी को रोकने के लिए देशभर के करीब 50,000 स्कूलों में व्यापक चेकिंग अभियान चलाया, जिसके तहत 76 लोगों को हिरासत में लिया गया। इससे पहले बुधवार को पोलैंड के माज़ोवियन प्रांत में एक 19 वर्षीय छात्र ने धारदार हथियार से अपने सहपाठियों और शिक्षकों पर हमला कर नौ लोगों को घायल कर दिया था।
15 साल के एक पूर्व छात्र ने स्कूल के केयरटेकर को चाकू घोपकर मार डाला
इसके अगले ही दिन उसी इलाके के एक पूर्व छात्र (15 वर्ष) ने अपने पुराने स्कूल के केयरटेकर की चाकू मारकर हत्या कर दी और दो अन्य को घायल कर दिया था। सोशल मीडिया पर 'ब्लडी फ्राइडे' के नाम से हमलों की अफवाहें फैलने के बाद शुक्रवार को सुरक्षा कारणों से 59 से अधिक स्कूलों को एहतियातन बंद कर दिया गया था। पुलिस ने चेकिंग के दौरान कई छात्रों के बैग से चाकू और पटाखे बरामद किए हैं, जिन्होंने इंटरनेट पर धमकियां दी थीं।
पोलैंड के गृह मंत्री मार्सिन कीरविंस्की ने स्पष्ट किया है कि युवाओं और बच्चों की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। हालांकि, सरकार का कहना है कि अब तक इन हमलों के आपस में जुड़े होने या किसी ऑनलाइन ट्रेंड का हिस्सा होने के सबूत नहीं मिले हैं, फिर भी पूरे देश के शिक्षण संस्थानों में अभूतपूर्व सुरक्षा चौकसी बरतने के निर्देश दिए गए हैं।
