Pulwama attack mastermind Hamza Burhan killed: पुलवामा आतंकी हमले के मास्टरमाइंड (Pulwama Attack Mastermind) हमजा बुरहान की पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) के मुजफ्फराबाद में गोली मारकर हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि PoK में अज्ञात हमलावरों ने हमजा बुरहान को निशाना बनाकर गोलियां दागीं। इस हमले के बाद उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलवामा हमले का मास्टरमाइंडआतंकी हमजा बुरहान ढेर (फाइल फोटो)
भारत सरकार ने 2022 में हमजा बुरहान को गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम UAPA के तहत आतंकी घोषित किया था। मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक हमजा बुरहान लंबे समय से पाकिस्तान और PoK में सक्रिय था। उसे 2019 के पुलवामा आतंकी हमले की साजिश रचने वालों में शामिल माना जाता था। इस हमले में 40 जवान शहीद हो गए थे।
पुलवामा हमला 14 फरवरी 2019 को जम्मू-कश्मीर में हुआ था
पुलवामा हमला 14 फरवरी 2019 को जम्मू-कश्मीर में हुआ था, जिसमें CRPF के 40 जवान शहीद हो गए थे। इस हमले ने पूरे देश को झकझोर दिया था और इसके बाद भारत ने बालाकोट एयरस्ट्राइक कर आतंकियों के ठिकानों को निशाना बनाया था।
हमजा लंबे समय से सुरक्षा एजेंसियों के निशाने पर था
उसकी हत्या ऐसे समय में हुई है, जब पाकिस्तान में आतंकी संगठनों और कट्टरपंथी नेटवर्क से जुड़े कई लोगों पर हमलों की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। हमजा लंबे समय से सुरक्षा एजेंसियों के निशाने पर था। बता दें कि हाल के सालों में कई आतंकियों को अज्ञात हमलावरों ने निशाना बनाया है या तो गैंगवार में उनकी मौत हुई है।
PoK में एक स्कूल टीचर का फर्जी पहचान के साथ रह रहा था!
मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक बताया जा रहा है कि वह पिछले कई सालों से PoK में एक स्कूल टीचर का फर्जी पहचान के साथ रह रहा था। वहीं आतंकी ट्रेनिंग कैंप और घुसपैठ के नेटवर्क को चला रहा था। वैसै वह जम्मू-कश्मीर के पुलवामा जिले के रत्नीपोरा का रहने वाला था।
