उत्तर-पश्चिम पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। रविवार को स्वात जिले के काबल टाउन में आयोजित एक शांति रैली के दौरान हुए भीषण विस्फोट में अब तक 14 लोगों की जान चली गई, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
पाकिस्तान में बड़ा आतंकी हमला (सांकेतिक तस्वीर)
पीटीआई के मुताबिक स्थानीय अधिकारियों और स्वात पुलिस से मिली शुरुआती जानकारी के अनुसार, यह धमाका उस समय हुआ जब 'स्वात अमन जिरगा' (स्थानीय जनजातीय परिषद) द्वारा आयोजित शांति मार्च आगे बढ़ रहा था। इलाके में पिछले कुछ महीनों से बिगड़ती सुरक्षा स्थिति और हिंसा के विरोध में यह रैली निकाली गई थी। रैली में शामिल लोग हाथों में तख्तियां लेकर क्षेत्र में शांति और सुरक्षा स्थापित करने की मांग करते हुए नारे लगा रहे थे।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: PM मोदी, अमित शाह और योगी आदित्यनाथ को जान से मारने की धमकी देने वाला अलीम अंसारी कौन? रांची में FIR दर्ज
धमाके के बाद चारों तरफ मची अफरा-तफरी
धमाका इतना तेज था कि मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूत्रों का कहना है कि शुरुआती जांच में यह घटना एक आत्मघाती हमला प्रतीत हो रही है, हालांकि अभी तक किसी भी आधिकारिक एजेंसी ने इसकी पुष्टि नहीं की है।
राहत और बचाव का काम जारी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत एवं बचाव दल तुरंत मौके पर पहुंचे। सुरक्षा बलों ने पूरे क्षेत्र को चारों तरफ से घेरकर सील कर दिया है और साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जिनमें से कई लोगों की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में तनाव और डर का माहौल व्याप्त है।
कबाल पुलिस परिसर में पुलिस थाना, पुलिस लाइन, एक सुविधा केंद्र और कई दूसरे सरकारी कार्यालय हैं। पुलिस के मुताबिक, घटना में घायल 15 से अधिक लोगों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। खैबर पख्तूनख्वा के मुख्यमंत्री मुहम्मद सुहैल अफरीदी ने स्वात जिले के कबाल इलाके में हुए धमाके की कड़ी निंदा की और पुलिस महानिरीक्षक से घटना पर रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: 'राम मंदिर से सिद्धिविनायक तक दान चोरी...', राज ठाकरे के दावों का संजय राउत की मुहर; बोले- BJP राज में मंदिर भी सुरक्षित नहीं
