Zubeen Garg autopsy report: सिंगापुर पुलिस फोर्स (SPF) ने असम के दिवंगत गायक जुबीन गर्ग के पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट की एक कॉपी भारतीय उच्चायोग को भेजी है। पुलिस द्वारा जारी एक बयान के अनुसार, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट की एक कॉपी और उनकी मौत के बारे में शुरुआती जांच की जानकारी भारतीय अधिकारियों को उनके अनुरोध पर दी गई है।
जुबीन गर्ग के अचानक निधन से शोक की लहर (तस्वीर क्रेडिट: इंस्टाग्राम/@zubeen.garg)
इस मामले में पुलिस जांच जारी है, जबकि लोगों से इस मामले से संबंधित कोई भी वीडियो या फोटो शेयर न करने की सलाह दी गई है।
जुबीन के कई साथी हुए गिरफ्तार
असम पुलिस के क्राइम इन्वेस्टिगेशन डिपार्टमेंट (CID) ने गुरुवार को जुबीन गर्ग के साथी म्यूजिशियन शेखर ज्योति गोस्वामी और साथी सिंगर अमृतप्रभा महंत को गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में अब तक कुल चार लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) के प्रमुख और CID के स्पेशल DGP मुन्ना प्रसाद गुप्ता ने ANI को बताया कि SIT/CID द्वारा कई दिनों तक पूछताछ के बाद, गोस्वामी और अमृतप्रभा महंत को कल रात SIT/CID ने गिरफ्तार कर लिया।
इससे पहले बुधवार को असम पुलिस की CID/SIT ने श्यामकानु महंत (सिंगापुर में नॉर्थ ईस्ट इंडिया फेस्टिवल के मुख्य आयोजक) और जुबीन गार्ग के मैनेजर सिद्धार्थ शर्मा को गिरफ्तार किया था।
कामरूप (मेट्रो) जिले के मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (CJM) ने श्यामकानु महंत और सिद्धार्थ शर्मा को 14 दिनों की पुलिस हिरासत में भेज दिया। वहीं, CID ने दर्ज मामले में BNS एक्ट के तहत हत्या का आरोप जोड़ा।
असम में भारी संख्या में लोग गर्ग को अंतिम विदाई देने पहुंचे
बता दें कि 52 वर्षीय असम के इस संगीत आइकन की 19 सितंबर को सिंगापुर में डूबने से मौत हो गई थी। उनका पार्थिव शरीर पहले दिल्ली ले जाया गया और बाद में रविवार सुबह एक कमर्शियल फ्लाइट से गुवाहाटी ले जाया गया।
