अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और न्यूयॉर्क सिटी के नवनिर्वाचित मेयर जोहरान ममदानी के बीच शुक्रवार को व्हाइट हाउस में हुई पहली आमने-सामने की मुलाकात हुई। दोनों नेता एक दूसरे के कट्टर प्रतिद्वंद्वी हैं। ऐसे में ह्वाइट हाउस में ममदानी और ट्रंप के बीच हुई इस बैठक ने राजनीतिक हलकों में हलचल मचा दी।
ट्रंप-ममदानी की मुलाकात पर शशि थरूर ने दी प्रतिक्रिया।(फोटो सोर्स: AP)
इस मुलाकात पर कांग्रेस के दिग्गज नेता शशि थरूर ने भी प्रतिक्रिया दी है। सोशल मीडिया पर शशि थरूर ने शनिवार को एक पोस्ट करते हुए लोकतंत्र की भावना का जिक्र किया। थरूर ने कहा कि चुनावों को विचारों के लिए पूरी ताकत के साथ लड़ना चाहिए, लेकिन जनता जब फैसला देती है, राजनीतिक दलों को राष्ट्रहित में सहयोग करना चाहिए।
शशि थरूर ने क्या लिखा?
अपने पोस्ट के साथ कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप और ममदानी की तस्वीर को साझा किया और लिखा कि लोकतंत्र को ऐसे ही काम करना चाहिए। चुनावों में अपनी बात के लिए जोश से लड़ें, बिना किसी बयानबाजी की रोक-टोक के। लेकिन एक बार जब यह खत्म हो जाए और लोग अपनी बात कह दें, तो उस देश के आम हितों के लिए एक-दूसरे का साथ देना सीखें जिसकी सेवा करने का आप दोनों ने वादा किया है। मैं भारत में ऐसा और देखना चाहूंगा और मैं अपना हिस्सा करने की कोशिश कर रहा हूं।
शशि थरूर कई बार कर चुके हैं मोदी लीडरशिप की तारीफ
बता दें कि शशि थरूर कई बार कांग्रेस लीडरशिप की तारीफ कर चुके हैं, जिसकी वजह से उन्हें अपने ही पार्टी के नेताओं की तीखी आलोचना का शिकार होना पड़ा है।
कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने हाल में ही पीएम मोदी की प्रशंसा की। थरूर की इस टिप्पणी के बाद कांग्रेस पार्टी में खलबली मच गई। थरूर ने एक एक्स पोस्ट में लिखा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का रामनाथ गोयनका व्याख्यान एक आर्थिक दृष्टिकोण और एक सांस्कृतिक आह्वान, दोनों ही था। उन्होंने आगे कहा कि बुरी तरह सर्दी-खांसी से जूझने के बावजूद भाषण के दौरान श्रोताओं में शामिल होकर उन्हें खुशी हुई।
