US Iran War: अमेरिका-ईरान युद्ध ने न सिर्फ खाड़ी देशो में बल्कि पूरी दुनिया को चिंता में डाल रखा है। ईरान, अमेरिका और इजरायल तीनों देशों की सेना लगातार मिडिल ईस्ट में सैन्य कार्रवाई को अंजाम दे रही है। इस यु्द्ध में अभी तक जान-माल का कितना नुकसान हुआ है, उसकी सटीक अंदाजा लगा पाना भी मुश्किल है। इसी बीच रूस ने मौजूदा वैश्विक हालात पर चिंता जताई है।
रूस ने मौजूदा वैश्विक हालात पर चिंता जताई है। AP
रूस ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय कानून अब लगभग खत्म हो चुका है। पश्चिम एशिया में अमेरिका और इजरायल द्वारा ईरान पर किए गए हमले के बाद बढ़े तनाव के बीच रूस ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (UNSC) के स्थायी सदस्यों की आपात बैठक बुलाने की मांग की है।
क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेसकोव ने कहा कि आज की दुनिया में अंतरराष्ट्रीय कानून सिर्फ कागजों पर ही बचा है, जबकि व्यवहार में इसकी अहमियत लगभग खत्म हो चुकी है। उन्होंने कहा कि ऐसे हालात में दुनिया की स्थिरता और सुरक्षा पर गंभीर खतरा पैदा हो गया है।
पी-5 सदस्य देशों की बैठक बुलाई जाए: रूस
पेसकोव ने रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के पुराने प्रस्ताव को दोहराते हुए कहा कि संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के पांच स्थायी सदस्य—रूस, अमेरिका, चीन, फ्रांस और ब्रिटेन को एक साथ बैठकर वैश्विक सुरक्षा और स्थिरता पर चर्चा करनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय कानून अब “डी ज्यूरे” यानी कानूनी रूप से तो मौजूद है, लेकिन “डी फैक्टो” यानी व्यवहार में इसका कोई असर नहीं बचा है। ऐसे में यह सवाल उठता है कि आखिर दुनिया किस कानून का पालन करे।
रूस ने अमेरिकी की कार्रवाई पर उठाए सवाल
रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने भी कहा कि अमेरिका को अपनी वैश्विक रणनीति और योजनाओं को लेकर स्पष्टता देनी चाहिए। उन्होंने कहा कि यह बताना जरूरी है कि अमेरिकी कदम अंतरराष्ट्रीय नियमों और व्यवस्था से कैसे मेल खाते हैं।
रूस का कहना है कि अमेरिका और इजरायल के ईरान पर हमले के बाद पश्चिम एशिया में हालात काफी अस्थिर हो गए हैं। क्षेत्र में पहले से मौजूद कई संघर्ष और अनसुलझे मुद्दे अब आर्थिक और राजनीतिक स्तर पर बड़े संकट का कारण बन सकते हैं।
