Russia attack Kyiv: रूस ने यूक्रेन की राजधानी कीव पर बृहस्पतिवार रातभर मिसाइल एवं ड्रोन से भीषण हमले किए और शहर में कई घंटों तक जोरदार धमाकों की आवाजें सुनाई देती रहीं। कीव शहर के सैन्य प्रशासन के प्रमुख तिमूर तकाचेंको ने बताया कि हमले में आवासीय इमारतों को भारी नुकसान पहुंचा। इसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। शहर के मेयर विताली क्लिट्स्को ने बताया कि कम से कम 11 लोग घायल हुए हैं।
रूस का कीव पर ड्रोन और मिसाइलों से हमला, होटल में लगी भीषण आग, 5 लोग घायल (AP)
बैलिस्टिक एवं क्रूज मिसाइलों तथा ड्रोन से किए गए इस हमले का असर नीपर (निप्रो) नदी के दोनों किनारों पर बसे शहर के सभी 10 जिलों में देखा गया। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की और अन्य अधिकारियों की ओर से हमले को लेकर पहली बार सतर्क किए जाने के बाद बड़ी संख्या में लोगों ने मेट्रो स्टेशनों में शरण ली।
हाल के सप्ताहों में रूस ने कीव पर अपने हमले और तेज कर दिए हैं। वहीं, यूक्रेन भी रूस के सैन्य ठिकानों और ऊर्जा प्रतिष्ठानों पर लगातार ड्रोन हमले कर रहा है जिससे रूस के भीतर ईंधन की कमी पैदा हो गई है तथा उसकी आपूर्ति श्रृंखला भी प्रभावित हुई है।
क्लिट्स्को ने राजधानी पर जारी ’’दुश्मन के भीषण हमले’’ के मद्देनजर लोगों से सुरक्षित आश्रयों में ही रहने की अपील की। उन्होंने बताया कि शेवचेंकिव्स्की जिले में पांच लोग घायल हुए हैं। घायलों में से एक स्वास्थ्यकर्मी की हालत बेहद गंभीर है।
इमारत में फंस हुए लोग
क्लिट्स्को ने बताया कि देस्न्यांस्की जिले में क्षतिग्रस्त नौ मंजिला आवासीय इमारत में कुछ लोग फंस गए, जिनकी मदद के लिए बचाव दल को मौके पर भेजा गया। वहीं, होलोसिएव्स्की जिले में एक बहुमंजिला इमारत की छत पर आग लग गई। स्वियातोशिनस्की और दार्नित्स्की जिलों में भी कई मकानों में आग लग गई। मलबा गिरने के कारण कुछ लोग इमारतों में फंस गए।तकाचेंको ने बताया कि हमले में देस्न्यांस्की जिले की एक आवासीय इमारत को आंशिक नुकसान पहुंचा। पेचेर्स्की जिले में दो स्थानों पर आवासीय इमारतों के पास और सोलोमियांस्की जिले में एक सरकारी इमारत के निकट आग लग गई। उन्होंने कहा कि अधिकारी ओबोलोनस्की और पोदिल्स्की जिलों में हुए नुकसान का भी आकलन कर रहे हैं।
