Russia Ukraine War: रूस में एक भारतीय छात्र बुधवार को ड्रोन हमले में घायल हो गया। मास्को स्थित भारतीय दूतावास ने यह जानकारी दी। दूतावास ने बताया कि घायल भारतीय नागरिक ऊफा स्थित बश्किर स्टेट मेडिकल यूनिवर्सिटी का छात्र है और उसका अस्पताल में इलाज किया जा रहा है।
रूस के ऊफा में ड्रोन हमला (फोटो साभार: AP)
हालांकि, भारतीय मिशन ने छात्र का नाम और अन्य विवरण साझा नहीं किए। हर साल हजारों भारतीय छात्र उच्च शिक्षा के लिए रूस जाते हैं, जिनमें से ज्यादातर चिकित्सा पाठ्यक्रमों की पढ़ाई करने जाते हैं।
छात्र के संपर्क में दूतावास
मिशन ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा कि दूतावास छात्र और स्थानीय अधिकारियों के संपर्क में है तथा हर जरूरी सहायता मुहैया करा रहा है। रूस की सरकारी मीडिया के अनुसार, एक ड्रोन ने ऊफा स्थित तेल रिफाइनरी को भी निशाना बनाया, जबकि स्थानीय अधिकारियों ने कहा कि शहर पर हमला हुआ है।
यूक्रेन ने रूस पर ड्रोन से हमला किया
इससे पहले, यूक्रेनी सेना ने रूस पर एक बड़ा हमला किया, जिसमें दो दिन में करीब 800 ड्रोन दागे गए थे। अधिकारियों ने मंगलवार को बताया था कि यूक्रेन के उत्तर-पूर्वी खार्किव इलाके के एक गांव में रूसी मिसाइल हमले में कम से कम 10 लोगों की मौत हो गई और आठ अन्य घायल हो गए। इस हमले में कई इमारतें नष्ट हो गईं।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: ऑपरेशन सिंदूर के दौरान महिला पायलटों ने भी संभाला मोर्चा, मुरिदके और बहावलपुर पर बरपाया था कहर
दोनों देश हवाई हमले कर रहे हैं, जबकि पूर्वी और दक्षिणी यूक्रेन में लगभग 1,250 किलोमीटर (780 मील) लंबे अग्रिम मोर्चे पर लड़ाई बड़ी संख्या में ड्रोन और जमीनी रोबोट की वजह से सीमित हो गई है, जो सैनिकों की आवाजाही के लिए खतरा बने हुए हैं।
सनद रहे कि रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन शांति वार्ता के दबाव को नहीं मान रहे हैं। पिछले एक साल में यूक्रेन ने रूस के अंदर दूर तक हमले करने के लिए देश में ही बने लंबी दूरी के ड्रोन तैयार और तैनात किए हैं। उसकी ड्रोन प्रौद्योगिकी ने दुनिया भर की सरकारों और रक्षा विनिर्माताओं का ध्यान आकर्षित किया है। कीव के अधिकारियों का मकसद है कि रूसी जनता को युद्ध के नतीजों का एहसास हो और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन पर शांति समझौता करने का दबाव बने। पुतिन ने अब तक ऐसे कोई संकेत नहीं दिए हैं कि वे हमले को रोकने का इरादा रखते हैं।
