PM Modi Slovakia Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार को स्लोवाकिया पहुंचे। वह भारत के पहले पीएम हैं,जिन्होंने स्लोवाकिया का दौरा किया है। स्लोवाकिया के प्रधानमंत्री रॉबर्ट फिको से पीएम मोदी की मुलाकात बेहद खास रही। बता दें कि पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्ट्राग्राम पर एक वीडियो शेयर किया। इस वीडियो के जरिए पीएम मोदी ने जानकारी दी कि उन्होंने पीएम रॉबर्ट फिको (PM Robert Fico) को एक जैकेट गिफ्ट किया और संयोग से दोनों के जैकेट का रंग एक जैसा ही था।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्लोवाकिया के प्रधानमंत्री को दिया खास गिफ्ट। Narendra Modi Insta Handle
दोनों देशों ने 'व्यापक साझेदारी' बढ़ाने का किया फैसला
स्लोवाकिया के साथ समझौता ज्ञापनों (MoUs) के आदान-प्रदान और जॉइंट प्रेस ब्रीफिंग के दौरान पीएम मोदी ने घोषणा की कि भारत और स्लोवाकिया ने अपने द्विपक्षीय संबंधों को 'व्यापक साझेदारी' के स्तर तक बढ़ाने का फैसला किया है। पीएम मोदी ने कहा कि यह व्यापक साझेदारी दोनों देशों की साझा सोच, साझा प्राथमिकताओं और साझा भविष्य का प्रतीक है. उन्होंने भारत-यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार समझौते (India-EU FTA) को अंतिम रूप देने में स्लोवाकिया के सहयोग के लिए प्रधानमंत्री फिको का विशेष आभार व्यक्त किया।
स्लोवाकिया के पीएम रॉबर्ट फिको ने भारत की आर्थिक प्रगति, डिजिटल क्रांति और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के क्षेत्र में उपलब्धियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि भारत कई विकसित देशों से भी तेज गति से आगे बढ़ रहा है. फिको ने कहा,"भारत और स्लोवाकिया कई साझा मुद्दों से जुड़े हुए हैं। मैं भारत को उसकी शानदार उपलब्धियों के लिए बधाई देता हूं।"
भारत एक वैश्विक महाशक्ति: पीएम रॉबर्ट फिको
भारत को वैश्विक महाशक्ति स्वीकार करते हुए रॉबर्ट फिको ने एक बड़ा कूटनीतिक एलान किया, 'मैं सार्वजनिक रूप से यह घोषणा करना चाहता हूं कि स्लोवाकिया गणराज्य की सरकार संयुक्त राष्ट्र (UN) के सुधारों का पूरी तरह समर्थन करती है। हमारा दृढ़ विश्वास है कि भारत जैसे देश को संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (UNSC) में 'स्थायी सदस्य' के रूप में शामिल किया जाना चाहिए।'
