Navarro Brahmin Row: विदेश मंत्रालय ने शुक्रवार को अमेरिका के व्यापार सलाहकार पीटर नवारो के बयान को गलत और भ्रामक करार दिया है। विदेश मंत्रालय ने कहा कि हमने पीटर नवारो के गलत और भ्रामक बयान देखे हैं तथा हम उन्हें स्पष्ट रूप से अस्वीकार करते हैं। दरअसल, रूस से तेल खरीद को लेकर पीटर नवारो ने भारत पर निशाना साधते हुए विवादस्पद बयान दिया था। उन्होंने कहा था कि ब्राह्मण भारतीय जनता की कीमत पर मुनाफाखोरी कर रहे हैं और इसे रोकने की जरूरत है।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल (फाइल फोटो साभार)
विदेश मंत्रालय ने क्या कुछ कहा?
विदेश मंत्रालय की साप्ताहिक प्रेस वार्ता में प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि हमने नवारो के गलत और भ्रामक बयानों को देखा है और हम उन्हें स्पष्ट रूप से अस्वीकार करते हैं। हमने पहले भी इस बारे में बात की है। अमेरिका और भारत के बीच यह रिश्ता हमारे लिए बहुत अहम है। दोनों देश एक व्यापक वैश्विक रणनीतिक साझेदारी साझा करते हैं, जो हमारे साझा हितों, लोकतांत्रिक मूल्यों और मजूबत संबंधों पर आधारित है।
रणधीर जायसवाल ने कहा कि भारत-अमेरिकी साझेदारी ने कई बदलावों और चुनौतियों का सामना किया है। हम उस ठोस एजेंडे पर केंद्रित हैं जिसके लिए दोनों प्रतिबद्ध हैं और हमें उम्मीद है कि आपसी सम्मान और साझा हितों के आधार पर यह रिश्ता आगे बढ़ता रहेगा। इस दौरान रणधीर जायसवाल ने अलास्का में भारत-अमेरिका के बीच चल रहे सैन्य अभ्यास का भी जिक्र किया। साथ ही उन्होंने कहा कि कुछ दिन पहले एक 2+2 अंतर-सत्रीय बैठक हुई थी... दोनों देशों के बीच बातचीत चल रही है और हम अपनी साझेदारी को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
