SCO Meeting: पाकिस्तान ने शनिवार को कहा कि जलवायु परिवर्तन मंत्री मुसादिक मलिक इस महीने के आखिर में भारत में होने वाले शंघाई सहयोग संगठन (SCO) के सभ्यतागत संवाद में हिस्सा लेंगे। एससीओ देशों की अहम बैठक 20 से 22 नवंबर तक नयी दिल्ली में आयोजित की जाएगी।
पाकिस्तान के जलवायु परिवर्तन मंत्री मुसादिक मलिक (फोटो साभार: facebook.com/DrMusadikMalik)
दिल्ली आ रहे PAK के मंत्री
भारत ने 28 अक्टूबर को घोषणा की थी कि स्थापित परंपरा के अनुसार, सभी एसएसओ सदस्यों को निमंत्रण भेज दिया गया है। पाकिस्तान के विदेश कार्यालय के अनुसार, इस कार्यक्रम में एससीओ सदस्य देशों के प्रतिनिधि शामिल होंगे, जो सभ्यताओं के बीच संवाद और सांस्कृतिक समझ से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करेंगे।
बयान में कहा गया है, ''पाकिस्तान सरकार एससीओ ढांचे के भीतर, आपसी सम्मान की भावना के साथ, सभ्यताओं के बीच संवाद को बढ़ावा देने और लोगों के बीच आपसी संपर्क को बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।'' मुसादिक मलिक एक प्रमुख मंत्री हैं, जो अक्सर 'टॉक शो' में सरकार का आधिकारिक पक्ष रखते हैं।
क्या भारत-पाकिस्तान के बीच घट रही तल्खी?
समाचार एजेंसी भाषा की रिपोर्ट के मुताबिक, भारत द्वारा आयोजित कार्यक्रम में उनकी भागीदारी यह दर्शाता है कि पाकिस्तान नयी दिल्ली के साथ तनाव कम करना चाहता है, ताकि अगले साल इस्लामाबाद में होने वाले एससीओ शिखर सम्मेलन में पाकिस्तानी नेतृत्व के शामिल होने का मार्ग प्रशस्त हो सके।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: आखिर क्या होते हैं आफ्टरशॉक? क्यों बार-बार डोलने लगती है धरती
पहलगाम में, 22 अप्रैल 2025 को हुए आतंकी हमले, और उसके बाद सात मई को पाकिस्तान तथा पीओके (पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर) में चलाये गए ऑपरेशन सिंदूर के कारण दोनों देशों के बीच संबंध तनावपूर्ण हो गए। भारत ने एससीओ में, सीमा पार आतंकवाद का मुद्दा लगातार उठाया है। भारत का मानना है कि इस समूह को बिना किसी दोहरे मापदंड के, आतंकवाद और उसके वित्तपोषण के खिलाफ एकजुट होकर कदम उठाना चाहिए।
एससीओ यूरेशिया का एक राजनीतिक, आर्थिक और सुरक्षा संबंधी अंतर-सरकारी संगठन है, जिसमें भारत, चीन, रूस, कजाकिस्तान, किर्गिस्तान, ताजिकिस्तान, ईरान, उज्बेकिस्तान, पाकिस्तान और बेलारूस शामिल हैं।
